दगाबाजों पर हर हाल में होगी कार्रवाई

By: Nov 14th, 2017 12:15 am

कांग्रेस कप्तान सुक्खू की दो टूक, पार्टी का अनुशासन तोड़ने वाले नहीं बचेंगे

शिमला— कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि कोई जितना भी बड़ा नेता हो यदि उसने पार्टी का अनुशासन तोड़ा है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।  उम्मीदवार के कहने पर  हर उस कार्यकर्ता या नेता पर कार्रवाई होगी,जिसने चुनाव में दगाबाजी की हो।  पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुक्खू ने कहा कि नारे लगाने से नेतृत्व नहीं बदलता है। उनका इशारा जीएस बाली के समर्थन में नगरोटा में हुई नारेबाजी की ओर था। उन्होंने ये भी कहा कि वह खुद मंत्रिपद की दौड़ में नहीं हैं। सुक्खू ने दावा जताया कि हिमाचल में कांग्रेस 40 से 42 सीटों पर जीतकर सरकार वापस बना रही है। उनका कहना था कि पार्टी ने आंतरिक सर्वेक्षण करवाया है जिसके आधार पर हम जीत रहे हैं ये तय है। उन्होंने ये भी कहा कि तीन से चार जगहों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीतेंगे। प्रधानमंत्री  मोदी ने यहां अपनी पूरी ताकत झोंक दी बावजूद इसके भी यहां पर भाजपा कहीं नहीं दिख रही। उन्होंने कहा कि सबसे रोचक आंकड़े हमीरपुर जिला के होंगे, जहां पर धूमल की घोषणा के बाद ही लोगों में कोई उत्साह नजर नहीं आया। प्रदेशाध्यक्ष सुक्खू द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार के दौरान नजर नहीं आने पर पूछे एक सवाल में उन्होेंने कहा कि जहां पर जिस भी नेता की जरूरत होती है वहां उसे भेजा जाता है। वह खुद कुछ क्षेत्रों में गए थे।  उन्होंने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र में कर्मचारी, मजदूर व विधवाओं से संबंधित मामलों पर सुझाव उन्होंने ही दिए हैं।

…तो स्टोक्स जीततीं

सुक्खू ने माना कि ठियोग में विद्या स्टोक्स चुनाव लड़तीं तो कांग्रेस अवश्य जीतती।  वहां से प्रत्याशी दीपक राठौर को उन्होंने मना किया था, लेकिन उनके द्वारा फार्म गलत भरा गया जिसके चलते वहां से स्टोक्स चुनाव नहीं लड़ पाईं।

जनता का थैंक्स

 कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अधिक मतदान के लिए  वोटरों व चुनाव आयोग का आभार जताया। उन्होंने दावा किया कि कारोबारियों ने जहां जीएसटी के खिलाफ  उनको वोट किया है, वहीं महिलाओं ने महंगे सिलेंडर के खिलाफ अपना मतदान किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App