दिल्ली-मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा सबसे ज्यादा सोना

नई दिल्ली— देश के हवाई अड्डों पर पकड़े गए तस्करी के सोने के मामले में दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डा पिछले एक साल के दौरान शीर्ष पर रहे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आठ नवंबर, 2016 से सात नवंबर, 2017 के बीच देश के 33 हवाई अड्डों पर कुल 1491 किलोग्राम सोना, 577.64 किलोग्राम चांदी और 87.18 करोड़ रुपए की नकदी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा जब्त की गई। इसमें सबसे ज्यादा 498.36 किलोग्राम सोना दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया। इसके बाद मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का स्थान रहा, जहां से 342.99 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। इसके अलावा दिल्ली हवाई अड्डे पर 74.55 किलोग्राम चांदी और 6.22 करोड़ रुपए की नकदी तथा मुंबई हवाई अड्डे पर 60.97 किलोग्राम चांदी और 33.29 करोड़ रुपए की नकदी भी जब्त की गई। जब्त की गई कीमती धातु और नकदी सीआईएसएफ ने विमानन खुफिया इकाई को सौंप दी। जयपुर हवाई अड्डे पर 203.54 किलोग्राम और अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 141.82 किलोग्राम सोना जब्त किया गया। नकदी के मामले में मुंबई के बाद इंफाल का स्थान रहा। वहां हवाई अड्डे पर 16 करोड़ 60 लाख से अधिक की नकदी जब्त की गई। कोलकाता हवाई अड्डे पर सात करोड़ 27 लाख और पुणे हवाई अड्डे पर चार करोड़ 16 लाख रुपए की नकदी पकड़ी गई।