नाइजीरिया में फंसे दो हिमाचली

By: Nov 21st, 2017 12:10 am

एक युवक नगरोटा बगवां-दूसरा रक्कड़ का, तीन माह पहले पकड़े गए समुद्री जहाज में 12 भारतीयों संग थे सवार

पालमपुर— नाइजीरिया की नेवी द्वारा तीन माह पूर्व पकड़े गए एक समुद्री जहाज में हिमाचल के दो युवक भी शामिल हैं। एक युवक नगरोटा बगवां के रमेहड़ और दूसरा कांगड़ा के रक्कड़ गांव का निवासी है। इन युवकों के परिजन केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों सहित प्रदेश के नेताओं से फरियाद कर चुके हैं, लेकिन अभी तक मसला सुलझाया नहीं जा सका है। जानकारी के अनुसार नगरोटा बगवां के रमेहड़ क्षेत्र के सुधीर कुमार पुत्र चुन्नी लाल और रक्कड़ के चामुखा क्षेत्र के अतुल शर्मा नाइजीरिया की नेवी द्वारा पकड़े गए  समुद्री जहाज में एक दर्जन से अधिक भारतीयों के साथ सवार थे। एक कंपनी के माध्यम से चीफ  आफिसर की पोस्ट पर जहाज में सवार सुधीर कुमार और कैप्टन के पद पर तैनात अतुल शर्मा तीन माह से नाइजीरिया के लागोस पोर्ट पर वहां की नेवी के कब्जे में हैं। जहाज पर सवार लोगों से जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार 2012 के किसी मामले में इस जहाज को पकड़ा गया है, जबकि इसमें सवार लोगों का उस मामले से कोई संबंध नहीं है। हैरानी इस बात की है कि जिस कंपनी के माध्यम से ये लोग नाइजीरिया पहुंचे हैं, वह भी कोई मदद नहीं कर रही है। दोनों युवक अपने परिजनों के संपर्क में हैं और जहाज पर खाने-पीने व स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के साथ अन्य दिक्कतों का जिक्र लगातार कर रहे हैं। इन युवाओं के अनुसार नाइजीरियाई नेवी के अधिकारी उनकी कंपनी से रिक्वेस्ट लैटर मिलने पर उनको छोड़ने की बात कर रहे हैं, लेकिन कंपनी अब तक चुप्पी साधे बैठी है। जानकारी के अनुसार इन युवाओं ने सारी दिक्कतों की जानकारी देकर उनको वापस अपने देश पहुंचाने का प्रयास करने को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्रालय से भी गुहार लगाई है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं निकल सका है। सुधीर की पत्नी रीमा और अतुल शर्मा के भाई अमन शर्मा ने बताया कि इस गंभीर मामले को लेकर अनेक स्तरों पर बात की जा चुकी है, लेकिन कहीं से कोई हल नहीं निकल रहा है। ये लोग 15 अगस्त, 2017 को मुंबई में जहाज में सवार हुए थे और अब तीन माह से नाइजीरिया में फंसे हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App