निरमंड में ‘चलती है क्या नौ से बारह…’

निरमंड — जिला स्तरीय बूढ़ी दिवाली मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या तांतरा ब्वाय संतोष तोशी के नाम रही। संतोष तोशी की अपनी एक से बढ़ कर एक नॉन स्टॉप प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। बेलुए बुरा आया जमाना,केले नहीं पेउके जाना, बिंदिये तौंगे लागो रेडियो बाजा गे बिंदिये जिया लाला, मेड़ा लागा ढालपुरे मैदाने, शुन मेरी हाये मैडमे, कुल्लू मनाली लगा मेला, पेप्सी कोला तुंगते रेकोंगपीओ आदि कई हिमाचली गानों की एक झड़ी सी लगा दी तांतरा बॉय संतोष ने। इससे पूर्व अरसू के लोक कलाकार टीआर कश्यप ने अपने गानों धारे पांडे लागो कुपड़ी मामा गिन्दू आ रा  खेला, मेरे मंशा जाने दे पेउके, पारो आया बंजारा वंशी जा  होंदी मेरी ओमकुये इत्यादि दर्शकों कि खूब वाह वाही लूटी। दिव्या लोक पब्लिक स्कूल टिकरी की छठी कक्षा की नन्ही छात्रा अनुष्का ठाकुर ने फिल्म पद्मावती के गाने भूमरो पर नृत्य कर दर्शकों को मोहित किया। इसके अलावा आदर्श शर्मा, सुरेश राठौर शटल धार, पूरण भालसी, गौरव नेगी बावा, सुनील पीजी कालेज रामपुर की पेशकश व एवरेस्ट आईटीआई निरमंड की नाटी ने सबका मन छुआ। लार्ड परशुराम पब्लिक स्कूल निरमंड की विभूति शर्मा की की प्रस्तुति दीवानी मस्तानी, चलती है क्या नौ से बारह व कामाक्षा म्यूजिकल ग्रुप करसोग के कलाकार सूरत राम की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। दूसरी सांस्कृतिक  संध्या के मुख्य अतिथि पोलीटेक्नीक कालेज कुल्लू के प्रिंसिपल जनार्धन देव शर्मा थे। इससे पूर्व दिन में रामलीला मैदान में लगी लंबी पारंपरिक नाटी ने सबका मन मोहा।