पेयजल-सिंचाई पर खर्च होंगे अरबों

धर्मपुर —  धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी ने विजन डाक्यूमेंट जारी कर दिया है। बुधवार को धर्मपुर के विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सिंह ने इस विजन डाक्यूमेंट को जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चुनाव व विजन डाक्यूमेंट में किए गए हर वादे को भाजपा सरकार आने के बाद पूरा किया जाएगा। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जीत के बाद बरच्छवाड़ और संधोल के बस स्टैंड के कार्य को पूरा किया जाएगा। 125 करोड़ की राशि से उठाऊ सिंचाई योजना पाड़छू एवं जल संग्रहण जलाशय का निर्माण  किया जाएगा। 108 करोड़ की राशि के साथ उठाऊ सिंचाई योजना काउंसिल, झरेडा मंडप का निर्माण किया जाएगा। उठाऊ पेयजल योजना कांढापत्तन चोलथरा रखोह, कांढापत्तन सज्याओं लाबो का रीढा, संधोल सधोटी अवाहदेवी चोलथरा पपलोग, कांढापत्तन मढी और मंडप का निर्माण किया जाएगा। राष्ट्रीय उच्च मार्ग अवाहदेवी गदीधार कून संधोल मढी धर्मपुर, संधोल बैरी स्योह सिद्धपुर  कांढापत्तन और अवाहदेवी धर्मपुर मंडी का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर पपलोग का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। नेशनल स्किल डिवेलपमेंट इंस्टीच्यूट, भूर, कोठूओं, पपलोग, बनेरढी, झरेड़ा और सज्याओपिपलू में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही रखोह टीहरा धलारा चौकी क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जाएगा।