बर्फ की कैद से आज आजाद होगा लाहुल

By: Nov 23rd, 2017 12:15 am

कुल्लू  — लाहुल-स्पीति में एक सप्ताह से फंसे लोग गुरुवार को रोहतांग दर्रा पार कर पाएंगे। बीआरओ ने बुधवार देर शाम तक रोहतांग दर्रा बहाल कर दिया है। बीआरओ के अनुसार गुरुवार को केलांग में फंसे लोगों व उनके वाहनों को रोहतांग से पार करवाया जाएगा, जबकि शुक्रवार को मनाली से लाहुल जाने वाले वाहनों को रोहतांग पार करवाया जाएगा। वहीं सात दिन पहले केलांग में फंसी निगम की बस को भी मनाली पहुंचाया जाएगा।  रोहतांग बहाल होने की सूचना मिलते ही कोकसर में फंसे सेना के जवान और मजदूरों की  धुकधुकी भी खत्म हो गई है। अब उन्हें उम्मीद है कि वे गुरुवार को मनाली पहुंच ही जाएंगे।   कोकसर में फंसे लोगों को निकालने के लिए बीआरओ की ओर से कड़ी मेहनत की जा रही है। मौसम साफ होते ही सुबह ही बीआरओ के जवान बर्फ को हटाने में जुट गए थे। जानकारी के अनुसार लाहुल में सेना के तीन ट्रक भी फंसे हुए हैं, उन्हें भी निकाला जाएगा। बता दें कि यहां कोकसर में सेना व लोगों के कई छोटे व बड़े वाहन पिछले एक सप्ताह से फंसे हुए हैं। इसके अलावा उदयपुर में फंसे बारातियों को भी निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, रोहतांग दर्रा बंद होने से किसानों व बागबानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। बागबानों के लाखों के सेब यहां फंसे हुए हैं, जिनका समय पर मंडियों तक पहुंचना भी बेहद जरूरी है।  लाहुल के कोकसर में जो लोग पिछले एक सप्ताह से फंसे हुए हैं, वे अधिक परेशान हैं। जिला प्रशासन की ओर से इनके खाने की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन सभी अपने गतंव्य तक पहुंचने को लेकर हताश हैं।  बताया जा रहा है कि पिछले दो दिन से मौसम साफ होने के चलते कुछ लोग पैदल ही दर्रा पार कर कुल्लू तक पहुंच आए हैं। हालांकि प्रशासन ने अभी किसी के भी पैदल जाने की पुष्टि नहीं की है।

  दर्रा बहाल

बीआरओ के कमांडर एके अवस्थी ने बताया कि बुधवार  देर शाम को रोहतांग दर्रे को बहाल किया गया है। गुरुवार को लाहुल की तरफ फंसे वाहनों और लोगों को रोहतांग पार करवाया जाएगा, वहीं शुक्रवार को मनाली की तरफ फंसे लाहुल के लोगों को केलांग की तरफ भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि रोहतांग में करीब चार फीट तक बर्फ है।

बर्फबारी के दौरान पर्यटक स्थलों पर जाने की मनाही

बर्फबारी होने पर यहां कुल्लू प्रशासन की ओर से भी सैलानियों सहित स्थानीय लोगों को भी पर्यटन स्थलों पर जाने से मनाही की गई है, ताकि तेज बारिश व बर्फबारी के बीच लोग कहीं पर भी फंस न सकें। मनाली के स्थानीय लोगों ने बताया कि  बर्फबारी को निहारने के लिए जब वे लोग सोलंगनाला जा रहे थे तो उन्हें मौसम खराब होने के चलते सोलंगनाला की ओर जाने से रोका गया है। प्रशासन के मुताबिक  बर्फबारी के बीच सैलानी भटक जाते है और वाहन भी फिसल जाते हैं जो हादसे का कारण बन सकता है। लिहाजा  पुलिस  जवानों को हिदायत दी  गई है कि वे लोगों के वाहनों को पर्यटन स्थलों पर जाने से रोका जाए। ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App