बादलों ने घेरा हिमाचल

By: Nov 16th, 2017 12:10 am

केलांग में ताजा हिमपात, डलहौजी में बारिश, समूचा प्रदेश ठंड की चपेट में

शिमला —  हिमाचल प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव आ गया है। बुधवार को समूचा प्रदेश ठंड से कांप उठा। पहाड़ों के साथ प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम काफी ठंडा था। राज्य के केलांग में जहां बुधवार को हिमपात दर्ज किया गया, वहीं डलहौजी में बारिश हुई। अन्य क्षेत्रों में आसमान में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। राजधानी शिमला समेत अन्य सभी क्षेत्रों में बादलों के छाए रहने से ठंड बढ़ गई है। शिमला में दोपहर बाद गुनगुनी धूप भी खिली, लेकिन हवा ने मौसम को ठंडा ही रखा। वहीं कई क्षेत्र सुबह के समय धुंध के आगोश में रहे। मौसम विभाग ने 21 नवंबर तक का पूर्वानुमान दिया है, जिसके मुताबिक इन दिनों कहीं बारिश होगी तो कहीं बर्फबारी के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में मौसम शुष्क भी रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अब निरंतर बर्फबारी के आसार हैं। कुछ स्थानों पर अगले कुछ दिनों में गर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है। बुधवार के न्यूनतम तापमान की बात करें तो शिमला का 5.8 डिग्री, सुंदरनगर का 6.9, भूंतर का 6.5, कल्पा का 0.4, धर्मशाला में 9.2, ऊना में 9.0, नाहन में 10.6, केलांग में 1.6, पालमपुर में 8.5, सोलन में 5.4, मंडी में 7.2, बिलासपुर में 11.1, हमीरपुर में 11.4, चंबा में 10.1, कांगड़ा में 12.0 और डलहौजी का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। प्रदेश में सबसे कम तापमान कल्पा का 0.4 डिग्री रिकार्ड किया गया है, जबकि सबसे अधिक तापमान बरठीं का 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। अधिकतम तापमान की बात करें तो शिमला का 15.4, सुंदरनगर का 20.2, भुंतर का 21.2, कल्पा का 14.6, धर्मशाला  का 18.4, ऊना का 20.5, नाहन का 20.7, सोलन का 19.0, कांगड़ा का 18.0, चंबा का 18.0, डलहौजी का 7.2, बिलासपुर का 21.1 तथा हमीरपुर का 20.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।

रोहतांग में हल्की बर्फबारी

कुल्लू — बुधवार देर शाम रोहतांग पास में हल्की बर्फबारी हुई। ऐसे में समूची घाटी ठंड की चपेट में आ गई है। रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने पर अब यहां अपने रिस्क पर लाहुल जाने वाले लोगों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। ऊझी घाटी के लोगों का भी शाम के समय घरों से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो गया है। बुधवार देर शाम जिलाभर में मौसम काफी खराब रहा, लेकिन बारिश न होने पर लोग हताश भी हुए।

आफिसों में निकल आए हीटर

मौसम में परिवर्तन के साथ लोगों के गर्म कपड़े भी निकल गए हैं। लोग गर्म कोट या जैकेट पहले नजर आने लगे हैं। शिमला शहर में घरों व दफ्तरों में बिजली के हीटर भी निकल गए हैं। माना जा रहा है कि इस दफा सर्दी ज्यादा पड़ेगी, जिसके लिए लोगों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App