ब्यास का रुख बदलने पर बिफरे

ठाकुरद्वारा —  हिमाचल प्रदेश के सीमांत क्षेत्र की पंचायत बड़ूखर के गांव बहादपुर में लोक निर्माण विभाग द्वारा ब्यास का रुख बदलने पर ग्रामीणों ने रोष प्रकट किया है।  ग्रामीणों में आदर्श सिंह, प्रेम सिंह, वीर दास, अमरीक सिंह,  विशंभर सिंह, रघुवीर सिंह, सुरमा, मिलखी, होशियार सिंह, कश्मीर सिंह, राम सिंह, सीमा देवी, कर्ण सिंह,  ममता रानी व राज कुमारी आदि का कहना है कि व्यास दरिया का पानी वर्तमान समय में जहां पर बह रहा है उसका कोई भी नुकसान नहीं है। जैसे ही विभाग ब्यास  का रुख बदलने का काम शुरू किया तो ग्रामीणों की समस्याएं बढ़ना शुरू हो गई हैं,  जो कि क्षेत्र में एक चिंता का विषय बनता जा रहा है। अगर ब्यास का रुख बदला जाता है, तो बहादपुर, बढाला, भटोली,  सजवा, राजगीर व मलाल आदि में फसलों को नुकसान पहुंचेगा। लोक निर्माण विभाग बड़ूखर के सहायक अभियंता रोशन अत्री का कहना है कि भोग्रवां में पुल निर्माण कार्य के लिए ब्यास दरिया का रुख बदला जा रहा है। ग्रामीणों की समस्याओं को  देखते हुए काम को बंद करके कर्मियों को वापस बुला लिया है।