ब्रिज इंस्पेक्शन में हिमाचल अनाड़ी

By: Nov 25th, 2017 12:31 am

बिन आपरेटर सफेद हाथी बन खड़ी है डेढ़ साल पहले केंद्र की दी हुई डेढ़ करोड़ की मशीन

हमीरपुर— हिमाचल में ऊपर वाले के सहारे पुलों के निर्माण का भंडाफोड़ हुआ है। पुलों के निर्माण की तकनीक जांचने वाला ब्रिज इंस्पेक्शन व्हीकल धर्मशाला में सफेद हाथी बनकर खड़ा है। केंद्रीय मंत्रालय ने सात साल पहले हिमाचल को डेढ़ करोड़ की यह मशीनरी पुलों की गुणवत्ता परखने के लिए दी थी। हैरत है कि आपरेटर की कमी के कारण यह बहुमूल्य ब्रिज इंस्पेक्शन व्हीकल शोपीस बनकर खड़ा है। इसी के चलते हिमाचल में पुलों का निर्माण आंखों पर पट्टी बांधकर हो रहा है। चंबा में जमींदोज हुए पुल के बाद केंद्रीय मंत्रालय ने राज्य की खिंचाई की है। मिनिस्ट्री ने कहा है कि प्रदेश में निर्माणाधीन पुलों की स्पॉट इंस्पेक्शन के लिए भेजी गई मशीनरी काम कर रही है या नहीं। इसके बाद राज्य के अधिकारियों को धर्मशाला में खड़ी ब्रिज इंस्पेक्शन व्हीकल की याद आई है। इस व्हीकल की मौजूदा बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपए है। इस मशीनरी से निर्मित पुलों की गुणवत्ता का अध्ययन संभव है। यह व्हीकल निर्मित पुल के ऊपर खड़ा किया जाता है। इस आधार पर यह मशीनरी पुल के ग्रास रूट तक गुणवत्ता की पुख्ता रिपोर्ट जारी कर देती है। निर्माण की तकनीक तथा प्रयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता परखने में माहिर इस मशीनरी का प्रयोग हिमाचल में नाम मात्र हुआ है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को ब्रिज इंस्पेक्शन व्हीकल दिए थे। हिमाचल को यह सौगात वर्ष 2008 में मिली थी। इसके बाद प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग के एक चालक को विशेष प्रशिक्षण के लिए कोलकाता भेजा था। उस दौरान यह व्हीकल कुल्लू में रखा गया था। विशेष प्रशिक्षण प्राप्त व्हीकल आपरेटर का कुछ महीने बाद देहांत हो गया। इस कारण करोड़ों की यह मशीनरी बिना आपरेटर के लावारिस हो गई। हैरत है कि इसके बाद राज्य सरकार ने किसी भी चालक को व्हीकल आपरेट करने के लिए प्रशिक्षण देना जरूरी नहीं समझा। नतीजतन कुल्लू से धर्मशाला भेजा गया यह वाहन अब शोपीस बनकर रह गया है।

एनआईटी को जांच का जिम्मा

इस अत्यधुनिक मशीनरी के बिना आपरेटर खड़े होने से पुलों का निर्माण रामभरोसे हो रहा है। इसी कड़ी में चंबा जिला का ब्रिज गुणवत्ता के सबूत जगजाहिर कर चुका है। इस पुल के गिरने के बाद लोक निर्माण विभाग में हड़कंप मच गया था। सरकार ने संबंधित कंस्ट्रक्शन कंपनी को नोटिस जारी कर पुल गिरने के मामले की जांच का जिम्मा एनआईटी हमीरपुर को दिया है। एनआईटी हमीरपुर ने भी जांच में मिनिस्ट्री से भेजे गए ब्रिज इंस्पेक्शन व्हीकल की तालाश आरंभ कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App