भोरंज में मां को घोंपा चाकू

By: Nov 30th, 2017 12:15 am

हिम्मर में कपूत ने खोया आपा, दराटी से भी किए कई वार

भोरंज  – नशेड़ी बेटे ने अपनी मां पर जानलेवा हमला कर उसे अधमरा कर दिया। नशीली दवाइयां खाकर घर पहुंचा इकलौता लाल मां के ऊपर कहर बनकर टूट पड़ा और चाकू से गोद डाला। कई वार करने के बाद भी मां की सांस को चलता देख कलियुगी बेटे ने दराटी से काटना शुरू कर दिया। कोख से जन्मे कपूत ने इस घटना को भोरंज के हिम्मर गांव में अपने घर पर अंजाम दिया है। किसी तरह आस-पड़ोस के लोगों ने महिला को बचाकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने खून से लथपथ महिला को 123 टांके लगाए हैं। अभी महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संजीव कुमार पुत्र प्रकाश चंद गांव व डाकघर हिम्मर तहसील टौणीदेवी जिला हमीरपुर ने यह मामला भोरंज थाना में दर्ज करवाया है। उसने बताया कि  मंगलवार रात को  करीब 9ः45 बजे उसकी पत्नी वंदना कुमारी के मोबाइल पर सुरेशा देवी ने मिस्ड काल की, जिस पर इसकी पत्नी ने दोबारा उसी नंबर पर फोन किया, तो सुरेशा देवी ने बताया कि उसका लड़का मनोज कुमार उसके शरीर पर चाकू से वार कर रहा है, उसकी सहायता करें। इस पर उसने प्रधान व पुलिस चौकी को फोन किया और अपनी पत्नी के साथ सुरेशा देवी के घर पहुंचा। यहां देखा कि मनोज कुमार अपने हाथ में एक दराटी लेकर बरामदा में खड़ा था। जब कमरे का दरवाजा खोला, तो देखा कि सुरेशा देवी खून से लथपथ व बेहोशी की हालत में पड़ी थी। मनोज कुमार ने अपनी माता सुरेशा देवी को जान से मारने की नीयत से उसके शरीर पर कई वार किए हैं। मनोज कुमार उसी समय मौके से गाड़ी को लेकर कंजयाण की तरफ  भाग गया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण महिला को इलाज के लिए टौणीदेवी अस्पताल ले गए। हालात नाजुक देखकर चिकित्सकों ने महिला को क्षेत्रीय अस्पताल रैफर कर दिया। यहां पर महिला का इलाज चल रहा है।  पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पुष्टि एसपी हमीरपुर रमन कुमार ने की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App