माइनस छह डिग्री तापमान में मतदान

By: Nov 10th, 2017 12:15 am

कुल्लू— एशिया के सबसे ऊंचे पोलिंग बूथ हिक्किम में सुबह के समय माइनस-6 डिग्री तापमान के बीच मतदान हुआ। इस पोलिंग बूथ के अंतर्गत आते मतदाताओं में मतदान को लेकर काफी उत्साह दिखा। खबर लिखे जाने तक इस बूथ में 75 प्रतिशत मतदान हुआ था। गुरुवार को एडीसी विक्रम सिंह नेगी ने बूथ में आकर सभी मतदाताओं को खत्तक  पहनाकर स्वागत किया। यही नहीं, माइनस तापमान में चुनावी ड्यूटी देने वाले दस के करीब कर्मचारियों को भी खत्तक पहनाया गया। हालांकि मतदान करने के लिए इस बूथ के मतदाता सुबह आठ बजे ही पहुंच गए थे, लेकिन सुबह के समय माइनस तापमान होने के चलने के साथ ईवीएम मशीन और वीवीपैट में एक घंटा तक तकनीकी खराबी आई। ऐसे में यहां पर 9ः05 बजे मतदान शुरू हुआ। जब तक मशीन ठीक नहीं हुई, तब तक तो मतदाता आग जलाकर मशीन ठीक होने का इंतजार करते रहे और मशीन ठीक होते ही मतदान शुरू हुआ है। इस पोलिंग बूथ 200 के करीब मतदाता हैं। बता दें कि पोलिंग पार्टियां भी बुधवार शाम को ही यहां पहुंचीं थीं। जानकारी के अनुसार पिछली बार जीते प्रत्याशी को यहां से लीड मिली थी। हालांकि इस बार चार प्रत्याशी मैदान में हैं। कांग्रेस से रवि ठाकुर, भाजपा से राम लाल मारकंडे, कांग्रेस से बागी राजेंद्र कारपा आजाद हैं। चौथे आजाद प्रत्याशी सुर्दशन हैं।

कर्मचारियों के लिए परीक्षा की घड़ी

इस पोलिंग बूथ में प्रत्याशियों से लेकर मतदाता और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों का कंपकंपाती ठंड के बीच मतदान अग्निपरीक्षा से कम नहीं था। एडीसी विक्रम सिंह ने बताया कि यहां पर माइनस तापमान के बीच मतदाताओं ने लोकतंत्र के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एसपी लाहुल-स्पीति गौरव सिंह ने बताया कि एशिया के सबसे ऊंचे इस पोलिंग बूथ में सुरक्षा का भी पूरा इंतजाम किया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App