रामपुर में खरीदें चामुर्थी घोड़े

अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की अश्व प्रदर्शनी शुरू

रामपुर बुशहर— अगर आप घोड़ा खरीदने के शौकीन हैं, तो चार से छह नवंबर तक रामपुर में आपका स्वागत है। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले को लेकर रामपुर के कालेज मैदान में अच्छी नस्ल के घोड़े खरीद-फरोख्त के  लिए पहुंच गए हैं। अब घोड़ों की खरीद-फरोख्त का बाजार यहां पर तीन दिन तक सजेगा। पहले दिन यहां पर 250 घोड़े पहुंचे। चार नवंबर शाम पांच बजे तक यहां पर घोड़ों के आने का क्रम जारी रहा। घोड़ों की विभिन्न प्रकार की नस्लों के अलावा विशेष रूप से किन्नौर की पिन वैली व अन्य ऊपरी क्षेत्रों से चामुर्थी घोडे़ यहां पहुंचते हैं। खरीददार चामुर्थी घोड़ों को खरीदने में अपनी खासी चाह दिखाते हैं। गौर रहे कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय लवी मेले से पूर्व चार से छह नवंबर तक कालेज मैदान में अश्व प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। पशुपालन विभाग के सौजन्य से आयोजित की जा रही इस प्रदर्शनी में घोड़ों के रहने-खाने व चिकित्सा की सारी जिम्मेदारी विभाग की ही रहती है। इसके लिए पांच से छह नवंबर की शाम तक घोड़ों का पंजीकरण करवाया जाएगा। प्रदर्शनी के दौरान यहां पर प्रदेश व देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले घोड़े खरीदने के शौकीन यहां पहुंच कर घोड़ों की खरीद-फरोख्त करते हैं। घोड़े मालिकों को यहां पर अपने घोड़ों के अच्छे दाम मिलते हैं। पांच नवंबर को पशुपालन विभाग द्वारा घोड़ा मालिकों के लिए सेमिनार का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि घोड़ा मालिकों को अश्व पालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए। इसके पश्चात छह नवंबर को विभिन्न प्रकार की अश्व प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। इसमें जीतने वाले घोड़ों को पुरस्कृत भी किया जाता है। विभाग ने बताया कि चार नवंबर सुबह से ही घोड़ों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले दिन मात्र 250 घोड़ों का पंजीकरण हुआ।