वीरभद्र सिंह न दिल्ली गए, न बैठक में ही आए

By: Nov 29th, 2017 12:07 am

संगठन-सरकार के बीच बढ़ती रार का नतीजा, कई सिपहसालार किए हैं बाहर

शिमला – मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कयासों से उल्ट न तो प्रदेश कांग्रेस की राज्य स्तरीय मंथन बैठक में गए और न ही दिल्ली जा सके। अनाडेल से दोपहर बाद ही उनके वाहनों का काफिला लौट आया। अब बुधवार तक उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम बताया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस ने चुनावी मंथन पर मंगलवार को एक बड़ी बैठक रखी थी। इसमें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भी आमंत्रित किया गया था, मगर अपरिहार्य कारणों के चलते पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री नहीं आ सके। हालांकि चर्चा यही है कि संगठन व सरकार के बीच जो रार बढ़ती जा रही है, उसी के नतीजतन मुख्यमंत्री शायद बैठक में नहीं गए होंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री के कई सिपहसालारों को विरोधी कार्य के चलते पार्टी बाहर का रास्ता दिखा चुकी है। चुनाव प्रचार के दौरान जिन लोगों को नियुक्तियां दी गई थी, उन्हें भी बैरंग लौटा दिया गया है। अब बुधवार को मुख्यमंत्री दिल्ली जा सकते हैं। राष्ट्रीय राजधानी में जहां उनका केंद्रीय कांग्रेस नेताओं से मिलने का कार्यक्रम बताया है, वहीं सोनिया  गांधी से भी उन्होंने वक्त मांग रखा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी कड़ी में पांच दिसंबर को उनका नामांकन किया जाना है। जबकि सात दिसंबर तक चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके नाम का औपचारिक ऐलान हो सकता है। इस नजरिए से भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का दिल्ली दौरा काफी अहम माना जा रहा है। यही नहीं, कांग्रेस के संगठन चुनाव भी लंबित रखे गए हैं। राहुल गांधी की ताजपोशी के साथ ही हिमाचल में चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद संगठनात्मक चुनावों का बिगुल फूंका जा सकता है। इस दृष्टि से भी मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा काफी महत्वपूर्ण देखा जा रहा है। पार्टी के महासचिव व प्रदेश मामलों के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे से भी उनकी बैठक  निर्धारित बताई जा रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों पर आधारित मामले की सुनवाई 30 नवंबर को दिल्ली की अदालत में निर्धारित है। इस दौरे के दौरान उनके कानूनी विशेषज्ञों से भी इस सिलसिले में विचार-विमर्श करने की सूचना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App