व्यापार मेले में हरियाणा की धूम

नई दिल्ली में जारी अंतरराष्ट्रीय आयोजन के स्टालों ने खींची भीड़

चंडीगढ़ –देश की राजधानी नई दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में रविवार को हरियाणा के मंडप पर लोगों की खासी भीड़ देखी गई। हरियाणा मंडप में लगाई गई प्रदर्शनियों में स्टालों में छुट्टी का दिन होते हुए हरियाणा के एनसीआर क्षेत्र और दिल्ली के स्कूल कालेजों के छात्रों ने विभिन्न जानकारियां हासिल कीं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संदेश भी हरियाणा पैवेलियन में निरंतर सुनाई दे रहा है। हरियाणा प्रदेश को उद्यमियों व निवेशकों का सर्वाधिक अनुकूल व मनपसंद स्थल के रूप प्रदर्शित किया गया है। उद्योगों व व्यावसायों के विकास व विस्तार के लिए भी हरियाणा प्रदेश इज ऑफ डूइंग बिजनेस के दृष्टिगत द्वितीय स्थान पर पहुंच गया है। स्टैंड अप कार्यक्रम के अंतर्गत हरियाणा प्रदेश की प्रगति को दर्शाया गया है। हरियाणा पैवेलियन में हरियाणा राज्य औद्योगिक व आधारभूत संरचना विकास निगम के हरियाणा प्रदेश में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों व भविष्य की औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने की योजनाओं को  दर्शाया गया है। हरियाणा उद्यम प्रोत्साहन केंद्र का स्टाल हरियाणा पैवेलियन में स्थापित है। हरियाणा पैवेलियन में हरियाणा के सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठान हैफेड द्वारा गत वर्षों की भांति उसके उत्पादों का प्रदर्शन किया गया है। हरियाणा क्षेत्र के खाद्य प्रसंस्करण के विभिन्न प्रतिष्ठानों द्वारा उनके उत्पादों का प्रदर्शन किया गया है। हरियाणा पैवेलियन में दर्शायी गई हरियाणा राज्य की उन्नति का विवरण आगंतुकों के लिए आकर्षण बना हुआ है। हरियाणा पैवेलियन में 40 हजार से अधिक आगंतुक आए और इस वर्ष हरियाणा पैवेलियन में सरकारी विभागों, बोर्डों व निगमों ने भी भागीदारी की है। इसके अलावा, आकर्षण का केंद्र मैसर्ज हारले डेविडसन मोटरसाइकिल, मैसर्ज पूजा ओवरसिज, मैसर्ज रेजा लाइफस्टाइल और स्टार्ट-अप इंडिया योजना के बारे में पूछताछ रही।