शहर की सड़कों से हटाए अवैध कब्जे

By: Nov 22nd, 2017 12:07 am

चंबा — नगर परिषद ने मंगलवार को शहर की सड़कों पर अनाधिकृत तरीके से रेहड़ी-फड़ी लगाकर दुकानदारी सजाने वालों को खदेड़ने के लिए पुलिस के सहयोग से बडे़ पैमाने पर अभियान छेड़ा।  ्रइस दौरान नगर परिषद ने जहां बारह अनधिकृत रेहड़ी-फडि़यों को हटाया वही पांच रेहडि़यों को जब्त भी किया। इन रेहड़ी वालों से अब नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। नगर परिषद व पुलिस की इस कार्रवाई से शहर की सड़कों पर अनधिकृत तरीके से रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों में हड़कंप मच गया। इसके साथ ही रेहड़ी-फड़ी वालों को तय हद में कामकाज का संचालन करने की चेतावनी भी दी गई है। जानकारी के अनुसार पिछले कुछ अरसे से शहर की सड़कों पर अनधिकृत तरीके से रेहड़ी-फड़ी के जरिए दुकानदारी सजाने वालों की तादाद एकाएक बढ़ गई है, जिस कारण शहर की सड़कों के सिकुड़ने से लोगों की आवाजाही काफी रिस्की होकर रह गई थी। शहरवासी पिछले काफी अरसे से अनाधिकृत रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाने की मांग करते आ रहे थे। नगर परिषद ने लोगों की इस मांग का कड़ा संज्ञान लेते हुए मंगलवार को पुलिस के सहयोग से शहर की सड़कों से अनधिकृत रेहड़ी-फड़ी वालों को खदेड़कर अतिक्रमण मुक्त करवाया। उधर, नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि शहर में अनधिकृत तरीके से रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। शहर की सड़कों को रेहड़ी-फड़ी वालों के अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए आगामी दिनों में अभियान ओर तेज किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App