शांता की अनदेखी का कांग्रेस को लाभ

By: Nov 15th, 2017 12:10 am

कांगड़ा —  परिवहन मंत्री व नगरोटा से कांग्रेस प्रत्याशी जीएस बाली का मानना है कि भाजपा हाइकमान ने कांगड़ा जिला में अपने सीनियर लीडर शांता कुमार की अनदेखी की है। विधानसभा चुनाव में इसका फायदा सीधा कांगे्रस को मिलेगा। मंगलवार को कांगड़ा में प्रेस वार्ता में श्री बाली ने जोर देकर कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार रिपीट होने जा रही है।  श्री बाली ने कांग्रेस की जीत के लिए दूसरा तर्क महंगाई का दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने इन चुनावों में ज्यादा वोटिंग की है। इसकी सबसे बड़ी वजह महंगाई है। दूसरे जीएसटी, महंगे रसोई गैस सिलेंडर, प्याज व टमाटर से दुखी जनता ने भाजपा को सबक दिया है। बाली ने यह भी कहा कि मनरेगा में बजट की कटौती के चलते केंद्र की भाजपा सरकार के विरुद्ध  जनता में रोष है। इसी कारण भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकतर सीटों पर प्रत्याशी वीरभद्र सिंह की सहमति से तय हुए हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक कांगड़ा हलके से कांग्रेस प्रत्याशी को टिकट मिलने का सवाल है, तो इस बारे कांग्रेस हाइकमान द्वारा उनसे भी सहमति ली गई है। रही बात कांगड़ा में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष द्वारा नामांकन पत्र भरने की, तो उसके बाद जैसे ही पार्टी ने उन्हें कांगड़ा के मंडल अध्यक्ष को चुनाव से हटाने का दायित्व सौंपा,तो उन्होंने अपना फर्ज निभाया और मंडल अध्यक्ष को चुनावी दंगल में कूदने से रोका। रही बात कांगड़ा से आज़ाद प्रत्याशी की, तो वह भी कांग्रेस विचारधारा के हैं। हिमाचल में हुआ 80 फीसदी रिकार्ड मतदान मतदाताओं द्वारा कांग्रेस पार्टी की सरकार द्वारा लगातार करवाए विकास कार्यों पर मुहर है।  इस मौके पर सुमन वर्मा, राजकुमार जसवाल, कुलदीप चौधरी भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App