सीएम अब अर्की से क्यों लड़ रहे चुनाव

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का तंज, हाटकोट ग्राम पंचायत की प्रधान समेत कई लोगों ने थामा भाजपा का दामन

अर्की —  केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज अर्की निर्वाचन क्षेत्र के कुनिहार में भाजपा प्रत्याशी रतन पाल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के अर्की से चुनाव लड़ने पर कहा कि जब वह 2014 में अर्की से चले गए तो अब लौटे क्यों? उन्होंने हैरानगी जताई कि आखिर उनकी क्या मजबूरी रही कि अर्की की जनता को 2014 में छोड़ने के बाद पुनः वह इसी धरती पर राजनीतिक विरासत ढूंढने आ गए। उन्होंने कहा कि अर्की के युवा, मातृशक्ति व जनता बड़े जागरूक हैं तथा राजनीति को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि जो सरकार माताआें और बहनों व बिटियों की रक्षा न कर सके, उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं। जनसभा में कोटखाई में हुए गुडिया प्रकरण पर भी कार्यकर्ताओं ने खूब नारेबाजी की। राजनाथ सिंह ने कहा कि मनुष्य का कद किसी पद से नहीं अपितु कर्मों से बड़ा होता है। उन्होंने भाजपा के विधायक गोविंद राम शर्मा की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के फैसले को जिस तरह से हंसते-हंसते स्वीकार किया है ऐसा कोई महान व्यक्ति ही कर सकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में बिजली, पानी, सड़क व स्वास्थ्य सुविधाएं भले ही उपलब्ध न हो, लेकिन यहां देवभूमि में कांग्रेस राज में भ्रष्टाचार जमकर हुआ है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा राष्ट्र हित में लिए गए निर्णयों को भी बताया। हिमाचल प्रदेश में भाजपा की लहर है तथा अर्की से रतनपाल को विजयी करके यहां पर विकास की नई परिभाषा लिखने में योगदान दें। भाजपा प्रत्याशी रतन पाल ने कहा कि वह किसान के बेटे हैं तथा आम कार्यकर्ता की तरह वह हमेशा अर्की क्षेत्र की जनता के बीच रहेंगे।

भाजपा में शामिल होने की घोषणा की

केंद्रीय मंत्री की जनसभा में कुनिहार विकास खंड की ग्राम पंचायत हाटकोट की प्रधान सुनीता ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मसेरे भाई कामेश्वर दत्त, अमेरिका से अपने वतन पहुंची समाज सेवी व पूर्व पंचायत प्रधान नर्वदा कंवर, संजय ठाकुर, हंस राज ठाकुर, राम लाल ठाकुर सहित कई अन्य ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।