आज एक-दो जगह बारिश बर्फबारी होने के आसार

By: Dec 27th, 2017 12:15 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार से मौसम में करवट के आसार हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी की उम्मीदें जताई हैं। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में गुरुवार को भी उक्त क्रम जारी रहेगा। 29  दिसंबर से उच्च पर्वतीय क्षेत्र में भी मौसम खुश्क बना रहेगा, जबकि मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में पहली जनवरी तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में मंगलवार को बादल घिरे रहे। बादलों के घिरने से राज्य के कई स्थानों के तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश के सुंदरनगर, भुंतर, कांगड़ा, बिलासपुर व हमीरपुर में पारा लुढ़का है। भुंतर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 2.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट है। वहीं,  शेष क्षेत्रों के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।  राज्य के कई क्षेत्रों में न्यूनतम पारा भी लुढ़का है। सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला और मनाली के तापमान में गिरावट आई है। मनाली का पारा लुढ़ककर माइनस डिग्री में पहुंच गया है, जबकि शेष हिमाचल के न्यूनतम तापमान में उछाल आया है। मंगलवार को शिमला का न्यूनतम पारा 4.5 डिग्री से बढ़कर 8.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं ऊना में भी एक डिग्री तक पारा चढ़ा है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 16.9, सुंदरनगर में 20.3, भुंतर 18.0, कल्पा 10.2, धर्मशाला 15.8, ऊना में 25.0, नाहन में 18.9, सोलन 20.6 और कांगड़ा में 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होगी, जबकि मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में पहली जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App