कांगड़ा में दिग्गजों के बूथों पर पिटी भाजपा

By: Dec 23rd, 2017 12:40 am

मटौर – कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में 20 साल से लगातार हार का मुंह देख रही भाजपा के यहां पिछड़ने का कारण कहीं न कहीं भितरघात भी रहा है। इस बार जिस तरह से चुनाव परिणामों के बाद बूथों के सर्वे सामने आ रहे हैं, वे इस बात की ओर संकेत कर रहे हैं कि इस विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के बड़े नेताओं ने चुनावों में उस जोश के साथ काम नहीं किया, जैसे किया जाना चाहिए था। यहां हार की वजह वे नेता रहे, जो न केवल पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं, बल्कि टिकट के चाह्वान भी थे। सर्वे बताता है कि कर्मठ नेता इस बार अपने बूथों को भी नहीं बचा पाए। उनके बूथों पर भाजपा को करारी शिकस्त मिली है। कांगड़ा में पार्टी को मिली हार के बाद किए गए सर्वे में सामने आया है कि हलके के सहौड़ा क्षेत्र के बूथ नंबर 45, 46 और 47 में भाजपा को बहुत ही कम वोट पड़े। जान कर ताज्जुब होगा कि इनमें एक बूथ ओबीसी के प्रदेशाध्यक्ष उत्तम चौधरी का भी था। वे बूथ नंबर 46 के बूथ पालक थे। उनके बूथ पर कांग्रेस को 631 वोट पड़े हैं, जबकि भाजपा को मात्र 73 वोट पड़े। उनके बाद नाम आता है वरिष्ठ भाजपा नेता कुलभाष चौधरी और वीरेंद्र चौधरी का। वे बूथ नंबर 45 और 47 के बूथ पालक थे। जानकारी के अनुसार बूथ नंबर 45 पर कांग्रेस को 482, जबकि भाजपा को मात्र 79 वोट ही पड़े। इसी तरह बूथ नंबर 47 पर कांग्रेस को 346 और भाजपा को मात्र 93 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। तीन वरिष्ठ नेताओं के बूथों पर भाजपा को मिली करार हार के बाद इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि इनकी अपने-अपने इलाकों में कितनी पकड़ थी, जबकि ये तीनों ही टिकट की दौड़ में थे।  सवाल यह भी उठता है कि भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं ने कितना ग्राउंड वर्क किया होगा।

इस बार बढ़ा बीजेपी का वोट

कांगड़ा में चौथी बार लगातार हार का मुंह देखने वाली भाजपा के लिए सुखद बात इस बार यह देखने को मिली कि पिछले तीन विधानसभा चुनावों की अपेक्षा इस बार वोटों की गिनती में थोड़ा इजाफा जरूर हुआ है। वर्ष 2003 की बात करें तो बीजेपी को कांगड़ा हलके में लगभग 14 हजार, 2007 में भी 14 हजार से अधिक और वर्ष 2012 में हुए विस चुनावों में पार्टी को कांगड़ा में मात्र 12 हजार वोट पड़े। इस बार की बात करें तो पार्टी को कांगड़ा में लगभग साढ़े 19 हजार वोट पड़े हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App