केंद्रीय दल ने बरसात से हुए नुकसान का लिया जायजा

शिमला  — जिला में इस वर्ष भारी बरसात के कारण 77 करोड़ रुपए की राशि का नुकसान आंका गया है। यह जानकारी शनिवार को उपायुक्त शिमला रोहन चंद ठाकुर ने जिला में वर्षा से हुए नुकसान का जायजा लेने आए केंद्रीय दल के साथ हुई बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि अप्रत्यक्ष तौर पर हुए नुकसान की राशि का आंकड़ा इसमें सम्मिलित नहीं है। उन्होंने केंद्रीय दल से अपनी रिपोर्ट में जिला के लिए उदारता पूर्वक अनुशंसा का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इस बैठक के दौरान सड़क, कृषि, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, विद्युत, जानमाल, पशुधन, बागबानी की हुई हानि पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला प्रशासन के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया। केंद्रीय दल प्रमुख श्री पी दोरजे ग्यांबा ने कहा कि केंद्र सरकार को जिला की संतुति में हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में विभिन्न विभागों को संपूर्ण आंकड़ों का विवरण जल्द उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। बैठक में केंद्रीय दल के सदस्य रेखा चौहान उप सचिव  तथा अभिलाश कुमार भी उपस्थित थे।