कोर्ट में लहसुन

लहसुन, सब्जी है या मसाला? इस पर विवाद शुरू हो गया है। विवाद यूं ही हंसी-मजाक में नहीं हो रहा है बल्कि इसकी वजह काफी गंभीर है, मामला कोर्ट पहुंच चुका है। अब राजस्थान हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से पूछा है कि लहसुन सब्जी है या मसाला। दरअसल, राजस्थान सरकार के 2016 के नए कानून के मुताबिक लहसुन को अनाज मंडी में बेचा जाना चाहिए, लेकिन 2016 से पहले तक इसे सब्जी मंडी में बेचा जाता था…

यूं तो लहसुन के गुणों के कारण कई बार हमें इसके बारे में पढ़ने-सुनने के बारे में मिलता रहता है। अकेले लहसुन में कई बीमारियों से लड़ने की क्षमता है और भारतीय गृहिणी को भी इसके फायदों की सहज समझ है। इसी कारण लगभग हर रसोई में यह मिल ही जाता है। हालांकि आजकल यह दूसरे कारणों से चर्चा में है। लहसुन को लेकर एक अजीबोगरीब सा विवाद खड़ा हो गया है कि आखिर लहसुन, सब्जी है या मसाला? इस पर विवाद शुरू हो गया है। विवाद यूं ही हंसी-मजाक में नहीं हो रहा है, बल्कि इसकी वजह काफी गंभीर है और अब तो इसको लेकर मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है।

मामले का संज्ञान लेते हुए अब राजस्थान उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार से पूछा है कि लहसुन सब्जी है या मसाला। दरअसल, राजस्थान सरकार के 2016 के नए कानून के मुताबिक लहसुन को अनाज मंडी में बेचा जाना चाहिए, लेकिन 2016 से पहले तक इसे सब्जी मंडी में बेचा जाता था। विक्रेताओं के मुताबिक सब्जी मंडी में बेचने पर बिचौलिए छह प्रतिशत कमीशन देते हैं, लेकिन अनाज मंडी में बिचौलिए केवल दो फीसदी कमीशन देते हैं। यही लहसुन बेचने वालों की परेशानी की वजह है। इस विवाद को लेकर जोधपुर के आलू-प्याज और लहसुन विक्रेता संघ ने राजस्थान हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने पूछा है कि आखिर लहसुन को अनाज मंडी में क्यों बेचें?

एक न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए आलू-प्याज और लहसुन विक्रेता संघ के अध्यक्ष बंसीलाल सांखला ने बताया कि पिछले 40 साल से लहसुन को हम सब्जी मंडी में बेचते आए हैं। आज तक कोई दिक्कत नहीं है। यह जरूर है कि सब्जी मंडी अब छोटी पड़ गई है, लेकिन सरकार को जगह को बड़ा करने के बारे में सोचना चाहिए, न कि व्यापारियों को परेशान करने के बारे में।

राजस्थान सरकार के मुताबिक सब्जी मंडी में जगह की कमी की वजह से सरकार ने 2016 में कानून में बदलाव करके लहसुन को अनाज मंडी में बेचने का प्रवाधान किया था। साल 2016 में यहां लहसुन की बंपर पैदावार हई थी। जब बात से बात निकली है, तो आइए जानते हैं लहसुन के बारे में वे बातें जो बेहद दिलचस्प हैं, लेकिन शायद आप नहीं जानते होंगे।

अमरीकी कृषि विभाग के शोध के मुताबिक लहसुन का इस्तेमाल तकरीबन 5000 साल पुराना है। इस बात के इतिहास में प्रमाण है कि बेबिलोनिया के लोग 4500 साल पहले इसका इस्तेमाल करते थे। संयुक्त राष्ट्र की 2007 की एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में लहसुन की सबसे ज्यादा खेती होती है। लहसुन के कुल उत्पादन का 66 फीसदी हिस्सा चीन में उगाया जाता है।

लहसुन की खेती में दक्षिण अफ्रीका और भारत क्रमशः दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि अमरीका का स्थान चौथा है। इसी रिपोर्ट में 1700 साल पुराने भारतीय संस्कृत ग्रंथ का हवाला देते हुए कहा गया है कि असुरों के राजा राहु का सिर जब विष्णु ने काटा, तो उसके खून से लहसुन उग आया। इस रिपोर्ट में भी लहसुन को एक सब्जी ही माना गया है।

भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में वेजिटेबल साइंटिस्ट डा. प्रीतम कालिया के मुताबिक लहसुन मूलतः सब्जी है, लेकिन इसका इस्तेमाल मसाले के तौर पर भी किया जाता है। इसको प्रोसेस कर मसाले के तौर पर ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। डा. प्रीतम के मुताबिक, लहसुन को बेचे जाने को लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए, क्योंकि यह हमेशा से सब्जी मंडी में ही बिकता आया है। अनाज मंडी में इसे बेचा नहीं जाता। हमेशा से इसे सब्जी के साथ सब्जी के तौर पर खाया जाता है। चाहे आप इसकी चटनी बनाएं या फिर दूसरी सब्जी में डालें। इसकी खेती सब्जी के रूप में ही की जाती है।

जमीन के नीचे उगने वाला लहसुन आमतौर पर अक्तूबर-नवंबर के महीने में बोया जाता है और अप्रैल के महीने में इसे उखाड़ते हैं। लहसुन प्याज प्रजाति की ही सब्जी है। दोनों को एक-दूसरे का बहन-भाई कहा जाता है। इन्हें बल्ब की श्रेणी में रखा जाता है यानी प्याज, लहसुन और ट्यूलिप के फूल एक ही प्रजाति के हैं। इसके गुण की बात करें तो इसमें कई पोषक तत्त्व होते हैं। शरीर में इसकी बहुत कम मात्रा में जरूरत होती है, लेकिन शरीर में उन तत्त्वों की कमी होने पर गंभीर रोग हो सकते हैं। लहसुन में एंटीबायोटिक, एंटीवायरल और एंटीफंगल गुण होते हैं। असल में लहसुन में पाया जाने वाला केमिकल एलिसिन एक ताकतवर एंटीबायोटिक है। इसमें पेनिसिलिन जैसी खूबियां होती हैं। मौसमी बुखार दूर करने में लहसुन काफी कारगर होता है। रोमानिया में तो सदियों से ऐसा माना जाता रहा है कि अगर आपके घर पर किसी तरह की कोई परेशानी है, तो अपने घर में लहसुन रख लीजिए। आपकी तमाम दिक्कतें दूर हो जाएंगी।

यहां के लोग घर के दरवाजों और खिड़कियों पर लोग लहसुन की मालाएं बनाकर लटकाते हैं ताकि बुरी आत्माओं से उनकी हिफाजत होती रहे।