जयराम ठाकुर का राजतिलक आज

By: Dec 27th, 2017 12:10 am

रिज पर सुबह दस बजे शुरू होगा शपथ ग्रहण समारोह, प्रधानमंत्री समेत कई राज्यों के सीएम होंगे शामिल

शिमला— हिमाचल के अगले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व उनके मंत्रियों को हिमाचल के राज्यपाल आचार्य देवव्रत बुधवार को ऐतिहासिक रिज पर पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह सुबह दस बजे शुरू होगा और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। दिल्ली व हिमाचल में मंत्रियों की फेहरिस्त पर गहन मंथन के बाद जो सूची फाइनल बताई जा रही है, उसमें कांगड़ा से सरवीण चौधरी, विपिन परमार, किशन कपूर, मंडी से अनिल शर्मा, महेंद्र सिंह, कुल्लू से गोबिंद ठाकुर, शिमला से सुरेश भारद्वाज, कुटलैहड़ से वीरेंद्र कंवर, सिरमौर से डा. राजीव बिंदल, शिमला से नरेंद्र बरागटा समेत लाहुल स्पीति से डा. रामलाल मार्कंडेय और चंबा से विक्रम जरयाल के नाम बताए जा रहे हैं। प्रदेश पार्टी मामलों के प्रभारी मंगल पांडे  ही तय करेंगे कि सभी मंत्री बुधवार को ही शपथ लेंगे या फिर शपथ ग्रहण समारोह दो चरणों में किया जाए। वैसे सूत्रों का दावा है कि गुजरात की तर्ज पर एक ही बार मंत्रियों की सूची फाइनल हो सकती है। नामित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दो दिन पहले ही मीडिया से कहा था कि मंत्रिमंडल में नए व पुराने विधायकों का समावेश होगा। लिहाजा बुधवार को ऐलानों के मुताबिक यह दिख भी सकता है। कांगड़ा व मंडी को लेकर मंगलवार देर शाम तक कुछ विवाद बताया गया। सूत्रों का कहना था कि दोनों जिलों में से सूची में कुछ फेरबदल केंद्रीय कमान की मंजूरी से हो सकता है। वैसे मंत्री पद के सभी दावेदार शिमला में ही जुटे रहे। दिल्ली से लेकर हिमाचल तक अपने पक्ष की लॉबिंग करवाने वालों की कोई कमी नहीं रही। अब बुधवार को लॉटरी किसकी लगेगी, यह सामने आएगा। चर्चा यह भी रही कि कांगड़ा से तीन ही मंत्रियों को स्थान दिया जा रहा है, जबकि मंडी से दो को मौका दिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय कमान व प्रदेश नेतृत्व ने वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सूची को फाइनल किया है, जिसमें क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ जातिगत समीकरणों का भी ध्यान रखा जा रहा है। बहरहाल, बुधवार को नए व पुराने चेहरों में से किसका भाग्य उदय होता है, अब इस पर नजर होगी।

ये बनेंगे मंत्री

कांगड़ा से सरवीण चौधरी, विपिन परमार, किशन कपूर, मंडी से अनिल शर्मा, महेंद्र सिंह, कुल्लू से गोबिंद ठाकुर, शिमला से सुरेश भारद्वाज, नरेंद्र बरागटा, कुटलैहड़ से वीरेंद्र कंवर, सिरमौर से डा. राजीव बिंदल समेत लाहुल स्पीति से डा. रामलाल मार्कंडेय और चंबा से विक्रम जरयाल का नाम मंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे है।

पठानिया भी दौड़ में

नूरपुर से चुनाव जीत कर विधानसभा पहुंचे राकेश पठानिया की भी बड़ी सिफारिश किए जाने की सूचना है। राकेश पठानिया एक केंद्रीय मंत्री के खास बताए जाते हैं। उन्हीं की सिफारिश पर राकेश पठानिया को टिकट मिला था। अब यदि कांगड़ा से किसी अन्य नेता का पत्ता कटता है तो उसका स्थान राकेश पठानिया भी ले सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App