जय की ताजपोशी, आधी रात तक नाची छोटी काशी

मंडी — पहली बार मंडी जिला को मिले मुख्यमंत्री के पद की खुशी क्या होती है, यह छोटी काशी ने रविवार को सिद्ध कर दिया। भाजपा नेता जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने और जिला को पहली बार यह मौका मिलने का जश्न छोटी काशी रविवार को आधी रात तक मनाती रही। आधी रात तक मंडी से पटाखों व आतिशबाजी की गूंज उठती रही और जिला भर में दिवाली जैसा माहौल देखने को मिला। रविवार को रात भर लोग डीजे व पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर नाचते गाते रहे। सिराज विस के थुनाग में तो सैकड़ों महिलाआें ने नाटी डाल कर खुशी का इजहार किया। वहीं जयराम ठाकुर के घर में भी सैकड़ों की तादाद में लोगों का झमघट लगा रहा। पूरे जिला में न सिर्फ भाजपा व आम जनता ने जश्न मनाया, बल्कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता व नेता भी जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने पर गदगद हैं। रविवार को दोपहर एक बजे से ही मंडी जिला ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। जैसे ही शिमला से जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने की खबरें शिमला से आना शुरू हो गईं, उसके बाद मंडी जिला खुशी से झूम उठा। वहीं समर्थकों व जिला के लोग जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने के बाद डीजे व पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर नाचते गाते रहे। नए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पैतृक घर व विधानसभा सराज के जंजैहली, बालीचौकी, थुनाग से लेकर गोहर, चैलचौक, सुंदरनगर, नेरचौक, सरकाघाट, जोगिंद्रनगर, पद्धर और मंडी शहर में जश्न मनाया गया। इन जगहों पर लोगों ने आतिशबाजी की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर जश्न मनाया। मंडी के सेरी मंच पर तो दिवाली जैसा माहौल रहा। सेरी मंच पर जिला अध्यक्ष रणवीर ठाकुर, उपाध्यक्ष मनीष कपूर, महामंत्री चेतराम, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन ठाकुर, महिला मोर्चा मंत्री अंजना, पूर्व मंडलाध्यक्ष चेतन शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष हेमराज पठानिया, सदर मंडलाध्यक्ष दीपक गुलेरिया, उपाध्यक्ष कमल राणा, युवा मोर्चा से योगेश, राजा सिंह मल्होत्रा, हिमांशु शर्मा, पार्षद पुष्पराज कात्यान, जितेंद्र, निर्मला, नप पूर्व अध्यक्ष हेमंत राज वैद्य, पूर्व नप उपाध्यक्ष गगन कश्यप, पूर्व पार्षद विमला मैहरा और पूर्व पार्षद दिनेश शर्मा के अलावा सैकड़ों जश्न में शामिल रहे।