जीत… जोश और जश्न

ऊना — ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र में इस दफा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने बाजी पलट दी। कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने कुल 97 पोलिंग बूथो में से 65 पर बढ़त बनाई। भाजपा प्रत्याशी को केवल 32 बूथो पर बढ़त मिली। जबकि 2012 में भाजपा ने 67 व कांग्रेस को 30 बूथों पर बढ़त मिली थी। कांग्रेस के बागी प्रत्याशी राजीव गौतम अपने घर संतोषगढ़ में ही पिछड़ गए। सभी 97 बूथों पर कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा का सीधा मुकाबला भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती से रहा। संतोषगढ़ नगर परिषद से कांग्रेस के बागी प्रत्याशी राजीव गौतम के आजाद प्रत्याशी के रूप में खड़े होने के बावजूद कांग्रेस ने 254 मतों की बढ़त प्राप्त की। जबकि 2012 में भाजपा को यहां से 222 की बढ़त मिली थी। बसदेहड़ा नगर परिषद से कांग्रेस को 122 मतों की बढ़त मिली। पिछली दफा भाजपा को बसदेहड़ा से 781 मतों की बढ़त मिली थी। ऊना नगर परिषद से लगातार दूसरी बार भाजपा पिछड़ी,हालांकि इस बार कांग्रेस की बढ़त में मामूली सी कमी आई। कांग्रेस ने इस बार 349 की बढ़त ली। जबकि 2012 में यहां से 374 की बढ़त थी। ऊना नगर परिषद के 14 बूथों में से 8 में कांग्रेस ने बढ़त बनाई। नगर परिषद में भाजपा की रणनीति डावांडोल ही नजर आई। कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा को अपने गृह पंचायत के एकमात्र बूथ में 335 मतों की बढ़त मिली। बहडाला पंचायत में भाजपा को जबरदस्त झटका लगा। यहां पर 2012 में भाजपा ने 408 मतों की बढ़त ली थी,लेकिन इस बार कांग्रेस ने बाजी पलटते हुए 129 की बढ़त ली। कांग्रेस को देहलां अपर व लोअर के सात बूथों में से पांच में बढ़त मिली तथा यहां पर कुल 618 की बढ़त कांग्रेस को मिली। बसोली में 154,बडैहर में आठ, झूडोवाल में 182, सासन में 68,नंगड़ा में 285,फतेहपुर में 12,उदयपुर में 30, खानपुर में 65, रायपुर में 166, जखेड़ा में 330, वनगढ में 219, मैहतपुर में 38 अजौली में 309, वीनेवाल में 263, मजारा में 210, सनोली में 249 मतों की बढ़त मिली। भाजपा प्रत्याशी सतपाल सत्ती को उनकी गृह पंचायत टब्बा के तीन बूथों में 760 मतों की बढ़त मिली, हालांकि यह पिछली दफा मिली 912 मतों की बढ़त से नीचे खिसक गई। भाजपा को अरन्याला लोअर व अप्पर में 178, मलाहत में 301, भड़ौलियां घुघरां में 110, भड़ौलिया खुर्द में एक, रक्कड़ कालोनी में 166, फतेहवाल में 40, चढ़तगढ़ में 16, छतरपुर में 34, भटोली में 20, लमलैहड़ा में 88 मतों को बढ़त मिली।