धर्मशाला जेल में 58 नए सीसीटीवी कैमरे

धर्मशाला – हिमाचल प्रदेश की आदर्श जेल कंडा से तीन कुख्यात अपराधियों के फरार होने के बाद प्रदेश की सभी जेलों  में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। जेल परिसर में सजायाफ्ता बंदियों पर नजर रखने के लिए अब सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए जा रहे हैं। इसके तहत जिला एवं मुक्त कारागार धर्मशाला में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जेल प्रशासन ने समीक्षा बैठक आयोजित की है। इसमें सभी बिंदुआें पर चर्चा की गई। जेल में बंद कैदियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अब सीसीटीवी कैमरों की भी संख्या को बढ़ाया जा रहा है। जेल परिसर के विभिन्न स्थानों पर अब 58 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए जेल प्रशासन द्वारा प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।  जिला एवं मुक्त कारागार धर्मशाला में विभिन्न आपराधिक मामलों में 253 अपराधी बंद हैं। कारागार में बंद अपराधियों में दस महिला बंदी भी शामिल हैं। इसके अलावा जेल में मौजूदा समय में लगभग 50 से अधिक अपराधी उम्र कैद की सजा काट रहे हैं। हाल ही में कंडा जेल से अपराधियों द्वारा जेल की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर भागने के मामले के बाद प्रदेश भर की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें जेल में तैनात सभी कर्मचारियों को भी सतर्क रहते हुए ड्यूटी देने के निर्देश दिए गए हैं।