नड्डा-योगी के लिए बजी सीटियां

By: Dec 28th, 2017 12:15 am

कार्यकर्ताओं में दिखा क्रेज, दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री भी पहुंचे

शिमला— जयराम ठाकुर के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचने वाले वीवीआईपी के बीच कार्यकर्ताओं में सबसे बड़ा क्रेज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का दिखा। पहले नड्डा के मंच पर पहुंचने  पर यहां के कार्यकर्ताओं ने खूब जोश दिखाया और खूब नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बनता था, जिसे देख नड्डा भी गदगद थे। यहीं नहीं, नीचे की पंक्ति में बैठे विधायकों ने भी नड्डा का खुलकर स्वागत किया और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। इस बीच कई केंद्रीय नेता मंच पर मौजूद थे जो ये नजारा देख रहे थे। उधर, जैसे ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे तो उनको भी कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ समर्थन दिया। कार्यकर्ताओं ने उनके पहुंचने पर खूब हल्ला मचाया और नारेबाजी की। उनका खासा क्रेज यहां देखने को मिला। नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी यहां पहुंचे थे। ठीक शपथ ग्रहण समारोह से कुछ देर पहले पहुंचे ये मुख्यमंत्री यहां पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने खूब नारे लगाए और उनका हिमाचल आने पर स्वागत किया। बाहर से आने वालों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस, डा.रमन सिंह,  योगी आदित्यनाथ, मनोहर लाल खट्टर, रघुबीर दास, सरबनंदा सोनोवाल, त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रमुख थे।

ये केंद्रीय नेता पहुंचे

यहां पहुंचने वालों में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह, नीतिन गडकरी, जेपी नड्डा व रामलाल थे। अरुण जेटली व सुषमा स्वराज नहीं पहुंच पाए। कुछ राज्यों के उपमुख्यमंत्री भी यहां थे, जिनमें बिहार के सुशील कुमार मोदी प्रमुख हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App