पांच साल के ताज का फैसला आज

By: Dec 18th, 2017 12:15 am

40 दिन का इंतजार खत्म; सबकी जुबां पर एक ही राग, मिशन 50 प्लस चढ़ेगा परवान या रिपीट होगी वीरभद्र सरकार

शिमला— हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के नतीजों के लिए 40 दिनों का लंबा इंतजार आखिरकार सोमवार को खत्म होने वाला है। सोमवार सुबह आठ बजे से प्रदेश के 48 मतगणना केंद्रों में एक साथ वोटों की गिनती शुरू होगी और सुबह नौ बजे से रुझान आने शुरू हो जाएंगे। ग्यारह बजे के आसपास रिजल्ट आने लगेंगे और दो बजे तक तय हो जाएगा कि प्रदेश में अगली सरकार किसकी बनेगी। भाजपा का मिशन 50 प्लस सफल होगा या फिर कांग्रेस का मिशन रिपीट परवान चढ़ेगा, यह सोमवार को तय हो जाएगा। एग्जिट पोल के दावे कितने सच होंगे, इस पर भी सबकी नजर रहेंगी। 68 विधानसभा सीटों के लिए बनाए गए 48 मतगणना केंद्रों में एक साथ वोटों की गिनती शुरू होगी, जिसे अंजाम देंगे 2820 कर्मी। इसके लिए 781 काउंटिंग टेबल स्थापित किए गए हैं और हर टेबल  पर तीन-तीन कर्मी तैनात रहेंगे। इस बार मतदाताओं की कुल संख्या 50 लाख 25 हजार रही है, जिसमें 25 लाख 31 हजार 321 पुरुष वोटर, जबकि 24 लाख 57 हजार 32 महिला मतदाता थे। इसके अलावा 37574 सर्विस वोटर हैं, जिन्हें पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के बीच इलेक्ट्रॉनिकली वोटिंग का अधिकार दिया गया था।  इस चुनाव पर कुल 25 करोड़ रुपए का खर्च आया है। इस बार 74.5 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जिसे दोनों दल अपने-अपने पक्ष में बता रहे थे। अब नतीजों की घड़ी आ गई है। यदि कांग्रेस का मिशन रिपीट सफल हुआ तो हिमाचल के इतिहास में यह नई इबारत लिखी जाएगी। हालांकि अभी तक का इतिहास गवाह है कि प्रदेश में ठोस दावों के बावजूद कभी भी मिशन रिपीट नहीं हो सका है। वर्ष 2012 के चुनावों में भी धूमल सरकार ने बेहतरीन कार्य किया था। धूमल को तभी से सड़क वाले मुख्यमंत्री का नाम दिया गया था। कृषि-बागबानी क्षेत्र में भी कई प्रभावी योजनाएं जारी की गई थीं, मगर तब भी मिशन रिपीट नहीं हुआ था। चुनाव नतीजों से दिन पहले जिस तरह से नामी-गिरामी सर्वेक्षण व एग्जिट पोल एजेंसियों ने हिमाचल के संदर्भ में नतीजे सुनाए, वे भाजपा के लिए तो आशानुकूल थे, मगर कांग्रेस के लिए चौंकाने वाले।  सोमवार को ये दावे व एग्जिट पोल किस करवट बैठेंगे, इस पर पूरे प्रदेश की नजरें होंगी। खास तौर पर उन हॉट सीट्स पर सबकी नजरें रहेंगी, जहां बहुत ज्यादा शर्तें लगी हुई हैं। इस बार कांग्रेस के मंत्रियों, भाजपा के दिग्गजों के विधानसभा क्षेत्रों में भी अलग ही चर्चाएं सुनने को मिलती रहीं, यानी ऐसे नेताओं की हालत नाजुक है। चुनाव नतीजों में ये नेता कुंदन बनकर बाहर आते हैं या फिर चर्चाओं के अनुरूप हालत सही नहीं रहती है, यह सोमवार को पता चल जाएगा। प्रदेश में वंशवाद की सियासत को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। बावजूद इसके वर्ष 2017 के चुनावों में भी कांग्रेस व भाजपा ने अपनों को टिकट बांटे। अब संबंधित चुनाव क्षेत्रों में दिग्गजों के परिजनों की हालत क्या रही, यह भी देखने के काबिल होगा। सबसे ज्यादा नजरें शिमला ग्रामीण क्षेत्र, जहां से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य ने चुनाव लड़ा है, मंडी सदर से सुखराम के पुत्र अनिल शर्मा, बंजार से स्व. कर्ण सिंह के पुत्र आदित्य विक्रम सिंह, पालमपुर से बीबीएल बुटेल के पुत्र आशीष बुटेल उल्लेखनीय हो सकते हैं। इसके अलावा पालमपुर से इंदू गोस्वामी, नगरोटा से जीएस बाली, धर्मशाला से किशन कपूर, श्रीनयना देवी से पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, जुब्बल कोटखाई से नरेंद्र बरागटा पर भी नजरें रहेंगी। बहरहाल, चुनाव नतीजों में पार्टियों के दावे कितने सही साबित होंगे। क्या वास्तव में कांग्रेस व भाजपा के दावों में दम था, यह सोमवार को साफ हो जाएगा।

सुजानपुर-अर्की के परिणामों पर टिकी रहेंगी सबकी नजरें

प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जो भाजपा के मुख्यमंत्री पद के भी उम्मीदवार हैं, के चुनाव क्षेत्रों सुजानपुर व अर्की में भी हार-जीत के अंतर पर सभी की नजरें हैं। यहां चुनाव प्रचार के दौरान व इसके बाद कांटे का मुकाबला बताया जाता रहा है।

नेताओं के बच्चे दिखाएंगे दम

शिमला ग्रामीण क्षेत्र से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य, मंडी सदर से सुखराम के पुत्र अनिल शर्मा और कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा देवी,  बंजार से स्व. कर्ण सिंह के पुत्र आदित्य विक्रम सिंह, पालमपुर से बीबीएल बुटेल के पुत्र आशीष बुटेल का भविष्य किस करवट बैठेगा, इस पर भी सबकी नजरें लगी हुई हैं।

कई दिग्गजों की अग्निपरीक्षा

पालमपुर से इंदु गोस्वामी, मंडी सदर से अनिल शर्मा, नगरोटा बगवां से जीएस बाली,  फतेहपुर से कृपाल परमार, जुब्बल कोटखाई से नरेंद्र बरागटा, धर्मशाला से किशन कपूर, व नादौन से सुखविंदर सिंह सुक्खू का प्रदर्शन हिमाचल की राजनीति में अहम भूमिका निभाएगा। इन सभी सीटों के अलावा कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा की भी सोमवार को अग्निपरीक्षा होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App