बरसाती नुकसान जांचने पहुंचा केंद्रीय दल

By: Dec 29th, 2017 12:15 am

ऊना का लिया जायजा, हमीरपुर-कांगड़ा-बिलासपुर-मंडी व शिमला का दौरा जल्द

शिमला— केंद्रीय राहत दल बरसात से हुए करोड़ों के नुकसान का जायजा लेने के लिए हिमाचल पहुंच गया है। गुरुवार को राहत दल ने ऊना व साथ लगते कुछ क्षेत्रों का दौरा किया है। केंद्र से सात सदस्यीय टीम आई है। तीन-तीन सदस्यों की टीम विभिन्न जिलों का दौरा कर रही है। इसी कड़ी में ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, शिमला व सिरमौर जिलों के यह टीम जल्द दौरे करेगी। इसके बाद 30 दिसंबर को शिमला में अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व के साथ पहले बैठक होगी। उसके बाद मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री से भी यह दल बैठक करेगा।  30 सितंबर,2017 तक बरसात से कुल नुकसान 732 करोड़ आंका गया है। करोड़ों के नुकसान की भरपाई के लिए इस बार हिमाचल को ज्यादा मदद मिलने की उम्मीद है। वैसे अभी तक हिमाचल को बमुश्किल 150 से 200 करोड़ की ही सहायता मिलती रही है, मगर इस बार अधिकारी तो एक तरफ, राजनेता भी मान रहे हैं कि केंद्र ज्यादा मदद दे सकता है। उल्लेखनीय रहेगा प्रदेश में मौजूदा बरसात के दौरान हुए करोड़ों के नुकसान की भरपाई के लिए पूर्व सरकार ने अब तक लगभग 250 करोड़ की राशि जारी की थी। वर्षा व अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुए नुकसान को पूरा करने के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष के दौरान 31 अगस्त, 2017 तक ही उपायुक्तों व अन्य महकमों को 193.23 करोड़ रुपए (63.23 करोड़ एनडीआरएफ तथा 130 करोड़ एसडीआरएफ) की राशि जारी की जा चुकी है।  वर्तमान मानसून के दौरान 289 लोगों ने जान गंवाई, जिनमें से 68 व्यक्ति प्राकृतिक आपदाओं, जबकि 221 की मौत दुर्घटनाओं के कारण हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App