मैदानी इलाकों में आज एक-दो जगह शीतलहर

By: Dec 17th, 2017 12:20 am

विभाग का पूर्वानुमान, मध्य-उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 22 तक शुष्क बना रहेगा मौसम

शिमला — हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर रविवार को शीतलहर चलेगी। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि मैदानों में शीतलहर और मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा तथा यह क्रम 22 दिसंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा। प्रदेश में शनिवार को मौसम शुश्क बना रहा और दिन भर चटक धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को दिन के समय ठंड से कुछ हद तक राहत मिली।  शनिवार को सुंदर व ऊना के पारे में सबसे अधिक 4.0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी आंकी गई। इसके अलावा कांगड़ा में 3.0, शिमला व सोलन में 2.0 डिग्री तक पारा चढ़ा, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भुंतर में न्यूनतम तापमान 4.0, सुंदरनगर व ऊना में 3.0 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। शिमला नाहन को छोड़कर शेष हिमाचल के न्यूनतम तापमान में गिरावट आंकी गई है, जिसके चलते सुबह व शाम के समय ठंड का प्रकोप जारी है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 15.4, सुंदरनगर में 21.4, भुंतर में 19.0, कल्पा में 6.8, धर्मशाला में 14.8, ऊना में 23.5, नाहन में 18.0, सोलन में  20.0 और कांगड़ा में 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App