राजधानी में सिक्योरिटी टाइट

By: Dec 26th, 2017 12:15 am

शपथ ग्रहण समारोह में पहुंच रहे पीएम मोदी के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने घेरा शिमला; भावी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, अधिकारियों ने लिया रिज का जायजा

शिमला— प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शिमला आने को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो चुकी हैं। यहां केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी डेरा डाल दिया है। बुधवार को शिमला में जय राम सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचेंगे। वीवीआईपी का शिमला में जमावड़ा सुरक्षा की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। लिहाजा यहां चाक चौबंध व्यवस्था के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। एसपीजी ने शिमला में डेरा डाल दिया है और रिज की पूरी सुरक्षा उनके जिम्मे सौंप दी गई है। सोमवार को खुद भावी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रिज का जायजा लिया, जहां उनके साथ जिलाधीश व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी थे। रिज पर जयराम सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होना है, जिसके लिए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने यहां डेरा डाल दिया है। एसपीजी के अधिकारी भी शिमला पहुंच गए हैं, वहीं अन्य एजेंसियां भी यहां सतर्क हैं। पुलिस ने भी तैयारियां कर ली हैं। मंगलवार को पुलिस महानिदेशक इनकी तैयारियों का जायजा लेंगे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा होगा। सोमवार से ही प्रदेश के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, वहीं शिमला के आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं। बाहर से आने वाले वाहनों की चैकिंग का काम भी मुख्य मार्गों पर किया जा रहा है। बुधवार से पहले यहां पूरी तैयारियां कर दी जाएंगी। मंगलवार को रिज पर जहां स्टेज आदि की व्यवस्था पूरी हो जाएगी, वहीं टका बैंच से मोदी प्रदेश की जनता को संबोधित कर सकते हैं। कुछ महीने पहले भी मोदी यहां आए थे, जिन्होंने टका बैंच से लोगों को संबोधित किया था। मोदी के साथ यहां भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी पहुंच रहे हैं। यहां जय राम ठाकुर के साथ उनके मंत्रिमंडल को भी शपथ दिलाई जाएगी।

अनाडेल से मालरोड पहुंचेगा प्रधानमंत्री मोदी का काफिला

माना जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी का काफिला पिछली बार की तरह अनाडेल से मालरोड होता हुआ रिज तक पहुंचेगा, जहां कार्यक्रम होना है, क्योंकि भाजपा की सरकार बन रही है। लिहाजा पूरे प्रदेश से यहां कार्यकर्ता पहुंचेंगे। यहां हजारों की संख्या में लोग नई भाजपा सरकार के स्वागत के लिए पहुंचेंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत की लगभग तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। एक ओर जहां शिमला पहले ही सैलानियों से भरा पड़ा है, वहीं लोगों को स्पेशल गेस्ट के आने का इंतजार है।

एसपीजी के अंडर है एरिया

केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी एसपीजी के कमांडो रिज पर पहुंचे, जिन्होंने यहां की व्यवस्थाएं देखीं। अभी से यह एरिया एसपीजी ने अपने अधीन ले लिया है और अपने मुताबिक यहां की सुरक्षा को चाक चौबंध बनाएंगे। इससे बाहर पुलिस का कड़ा पहरा लग गया है, जो कि बुधवार तक रहेगा। यहां परिंदा भी पर न मार सके, ऐसी व्यवस्था की जा रही है।

सैलानियों की पहले ही भरमार

शपथ ग्रहण समारोह के चलते यहां आने वाले सैलानियों को कुछ परेशानियां हो सकती हैं, क्योंकि रिज पर ही यह समारोह होगा और यहीं बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। दो दिन तक उनको दिक्कत पेश आ सकती है।  बहरहाल, समारोह से सैलानियों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App