राहुल की ताजपोशी से और मजबूत हुई कांग्रेस

पठानकोट — राहुल गांधी के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद संभालने से देश में कांग्रेस पार्टी और भी ज्यादा मजबूत हो गई है व उनके नेतृत्व से पार्टी में नई ऊर्जा का संचार होगा। ये विचार पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेट के अध्यक्ष व गुरदासपुर से लोकसभा सदस्य सुनील जाखड़ ने राहुल गांधी के पद ग्रहण समारोह के पश्चात व्यक्त किए। समारोह में सुनील जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश का अतीत व भविष्य है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व से पार्टी के केडर में नई जान आ गई है व विशेष रूप से युवा वर्ग राहुल गांधी  ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में हुए चुनाव से उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस समय देश के सामने बड़ी चुनौतियां हैं व कांग्रेस पार्टी ही है जो देश को उन्नति के मार्ग पर ला सकती है। देश की जनता ने देखा है कि किस तरह से भाजपा की सरकार ने देश में व्यापार, उद्योग व कृषि क्षेत्र को बर्बाद करने के किनारे पर ला कर खड़ा कर दिया है। 2019 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में जीत दर्ज करेगी व देश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।