लाड़ले को नम आंखों से अंतिम विदाई

शहीद शिव सिंह की गुल्लरवाला में राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि

बीबीएन— उत्तरी कश्मीर में हिम-स्खलन की चपेट में आकर शहीद हुए सैनिक शिव सिंह का गुरुवार को पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। नालागढ़  के गुल्लरवाला (करसोली)में जब शिव सिंह का पार्थिव शरीर पहुंचा तो हजारों आखें नम हो उठीं, परिजनों ने तिरंगे में लिपटे अपने लाड़ले को देखा तो बिलख-बिलख कर रो पड़े। उन्हें ढांढस बंधाने आए लोग भी अपने आसुंओं को नहीं रोक पाए।  अंतिम दर्शनों के लिए उमड़ी भीड़ ने शिव सिंह को नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके उपरांत कीरतपुर में सैनिक सम्मान के साथ शिव सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। शहीद के पार्थिव शरीर को उसके भाई रणदीप सिंह ने मुखाग्नि दी। सेना व पुलिस के जवानों ने सशस्त्र सलामी दी और प्रशासन ने पुष्प चक्र अर्पित कर शृद्धांजलि दी। शिव सिंह के तिरंगे में लिपटे शव को देखकर जहां मां जसवीर कौर की अांखें नम थीं, वहीं दोनों बहनों रचना , अंजना व चचेरे भाई रणदीप सिंह का रो-रो कुर बुरा हाल था।  शहीद की अंतिम यात्रा के दौरान नालागढ़ के विधायक लखविंद्र सिंह राणा, इंटक के प्रदेशाध्यक्ष हरदीप वाबा,एडीएम संदीप नेगी, एसडीएम नालागढ़ आशुतोष गर्ग, स्टेशन हैड क्वार्टर कसौली के सीओ खरबंदा, 9 डोगरा के मेजर प्रियांश,मेजर देवेश शुक्ला, सूबेदार संजीव, सूबेदार सुखविंद्र, सैनिक वेलफेयर बोर्ड के उपनिदेशक दीपक धवन, डीएसपी नालागढ़ राहुल वर्मा, समाजसेवी नरेंद्र नंदी सहित सेना व पंजाब पुलिस के अधिकारियों व जवान सहित हजारों की तादाद में ग्रामीण भी मौजूद रहे।