सतीवाला में जंगली हाथी ने बर्बाद की गन्ने-गेहूं की फसल

पांवटा साहिब – पांवटा साहिब की बहराल पंचायत के सतीवाला गांव में एक जंगली हाथी ने आतंक मचाया है। इस इलाके में हर साल इस महीने जंगली हाथी पहुंचकर किसानों की फसलों को नुकसान पहंचाते हैं। इस बार आए एक हाथी ने भी गांव के किसानो की गेहूं व गन्ने की फसल बर्बाद कर दी है। हाथी के कारण लोगों में भय का माहौल है। पिछले दो दिनों से हाथी ने इस इलाके में दस्तक दी है। बहराल पंचायत की प्रधान जगजीत कौर, इकबाल सिंह, खुशहाल सिंह, रणवीर सिंह व किसानों ने बताया कि बहराल पंचायत में हर साल गन्ने व गेहूं की फसल को जंगली हाथी नुकसान पहुंचाते हैं। यह हाथी उत्तराखंड की सीमा राजा जी नेशनल पार्क से यमुना नदी क्रॉस करते हुए सतीवाला गांव में पहुंचा है। हाथी शाम ढलते ही खेतों में पहुंच जाता है। इसके बाद सुबह होते-होते वापस लौट जाता है। हाथी गन्ने के खेतों में घुसकर गन्नों को नष्ट कर रहा है। इसके अलावा खेतो में बीजी गई गेहूं को नष्ट कर रहा है। किसानों ने कुछ समय पहले ही गेहूं की फसल की बिजाई की है जिसको हाथी अपने पैरों तले नष्ट कर रहा है। इसके अलावा लोगों के खेतों में केले व अन्य फलदार वृक्षों को भी तोड़कर नष्ट कर रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को भगाने की मांग की है, ताकि उनकी फसल बच सके।