हरियाणा-रेणुका बस 7 दिन से ठप

श्रीरेणुकाजी — हरियाणा राज्य परिवहन की अंबाला रेणुकाजी बस सेवा एक सप्ताह से स्टॉफ की कमी के चलते बंद पड़ी है, जिसके चलते हिमाचल के हरियाणा क्षेत्र में जाने वाले यात्रियों को सीधी बस सेवा का लाभ एक सप्ताह से नहीं मिल पा रहा है। हरियाणा राज्य की यह बस सेवा जानकारी अनुसार पिछले 35 से 40 वर्षों से यहां संचालित है, जो कि ददाहू रेणुकाजी से दो बजे दोबार को अंबाला कैंट को संचालित होती है, जबकि अंबाला से सुबह आठ बजे रेणुका को चलती है। सीधी बस सेवा से हिमाचल के यात्रियों विशेषकर व्यवसायी वर्ग को इस बस का सीधा फायदा मिलता है। उधर ,अंबाला कैंट बस अड्डा के स्टेशन सुपरवाइजर राजकृष्ण ने बताया कि उक्त बस सेवा स्टाफ की कमी के चलते बाधित हुई है, जिसे जल्दी ही चलाया जाएगा। यहां भी बता दें कि हरियाणा राज्य परिवहन के जिस कंडक्टर की ड्यूटी इस रूट पर लगी है उसकी ट्रांसफर नारायणगढ़ में हो गई है। लिहाजा रेणुकाजी रूट के लिए स्टाफ की भी अब व्यवस्था करनी होगी।

रेणुकाजी-दिल्ली बस सेवा बंद हो चुकी है

हरियाणा राज्य की बस सेवाओं से रेणुकाजी क्षेत्र दिल्ली तक सीधा जुड़ा था, मगर लगभग एक सप्ताह से रेणुकाजी-दिल्ली बस सेवा बंद पड़ी है, जिसे दोबारा शुरू नहीं किया जा सका। यहां यह भी बता दें कि हरियाणा राज्य की बस सेवा परमिशन के बाद शुरू होने के चालक और परिचालक पर भी निर्भर है। बताते हैं कि 25 वर्ष पूर्व दिल्ली-रेणुकाजी बस सेवा का चालक रेणुकाजी के एक आश्रम से जुड़ा था तथा तभी बस सेवा संचालित रही।

अब फिर उठी है संचालन की मांग

रेणुकाजी-दिल्ली हरियाणा राज्य की नाहन तक आने वाली बस सेवा को रेणुकाजी तक विस्तारीकरण करने की मांग अब फिर से तेज हुई है। इस कड़ी में नाहन में सवा पांच बजे तक पहुंचने वाली दिल्ली रूट की बस को पेंशनर सभा ददाहू तथा ददाहू के व्यवसायी वर्ग के अनुसार रेणुकाजी तक किया जा सकता है। इस मामले में पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण गर्ग तथा सभा के अध्यक्ष हरिराम शर्मा ने बताया कि दिल्ली-नाहन बस को रेणुकाजी तक करने की मांग उठाई जा रही है। बता दें कि यह बस सेवा यमुनानगर डिपो की है, जिसे हिमाचल परमिट की औपचारिकता के बाद ही यहां संचालित किया जा सकता है।