हिमाचल फिर ठंड की चपेट में

By: Dec 31st, 2017 12:20 am

तीन डिग्री तक लुढ़का न्यूनतम तापमान, छह जनवरी तक मौसम साफ

शिमला — हिमाचल प्रदेश फिर से ठंड की चपेट में आ गया है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से राज्य में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। हालांकि मौसम विभाग ने राज्य में छह जनवरी तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। मगर पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से प्रदेश में आगामी दिनों में भी तापमान  में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी रहने की उम्मीदें जताई जा रही है।  प्रदेश में शनिवार को मौसम साफ बना रहा। मगर शीतलहर के प्रवाह से अधिकतम व न्यूनतम तापमान गिरावट रिकार्ड की गई है। अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री और न्यूनतम पारे में एक से तीन  डिग्री तक की भारी गिरावट आंकी गई है।  सोलन व मंडी के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 4.0 डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा ऊना बिलासपुर में 3.0, हमीरपुर, शिमला, नाहन, कांगड़ा में 2.0, कल्पा, सुंदरनगर और धर्मशाला में 1.0 डिग्री सेल्सियस तक पारा लुढ़का है। न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट आई है। शिमला का पारा 7.0 डिग्री से लुढ़क कर  4.0 डिग्री तक पहुंच गया है। प्रदेश के कल्पा व केलांग का पारा माइनस डिग्री में भुंतर व मनाली का तापमान लुढ़कर शून्य डिग्री में पहुंच गया है।  राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 15.2, सुंदरनगर में 22.0, भुंतर 20.5, कल्पा 9.8, धर्मशाला में 15.8, ऊना में 23.6, नाहन में 18.3, सोलन में 18.2, कांगड़ा में 21.7, चंबा में 19.4, डलहौजी में 9.2, बिलासपुर में 18.7, हमीरपुर में 21.1 और मंडी में 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में छह जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। मगर इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App