44 साल बाद देवता गढ़पति का नया रथ होगा तैयार

बंजार  — देवभूमि कुल्लू की बंजार घाटी के देवता गढ़पति के नए देवरथ का कार्य 44 वर्षों के बाद शुरू होने जा रहा है। देवता के नए रथ को बनाने के लिए हारियानों में खुशी की लहर है। देवता ने हारियानों को अपने गूर के माध्यम से नए रथ में विराजमान होने के लिए कहा था। देव आदेश का हारियानों ने पालन किया और देवता ने छह दिसंबर को कार्य शुरू करने का शुभ दिन दिया है। बता दें कि इससे पहले 1973 में रथ का निर्माण किया गया था। करोड़ों के मालिक शेषनाग के नए देवरथ के निर्माण को लेकर कोठी खाड़ागाढ़ व तिलोकपुर के सैकड़ों हारियानों में काफी उत्साह है। देवता के कारदार सत्यदेव नेगी, काइथ भादर सिंह, भंडारी लोभू राम, मेहता प्रताप ठाकुर, देवराज नेगी, प्रेम दास ठाकुर, पुजारी गोविंद्र शर्मा, दरोगा प्यारे, चंद चेतराम, खूब राम  का कहना है देवता के रथ की लकड़ी चेंउट या फि र मूल शेष नाग स्थान जिभी से लाई जाएगी। देवता का रथ अंगाह नामक लकड़ी से बनाया जाता है।  देवरथ का निर्माण कोठी जिभी में 21 मार्गशीर्ष छह दिसंबर से आरंभ किया जा रहा है। नया देवरथ आठ दिन में कुशल कारीगरों द्वारा तैयार किया जाएगा।