अंबर से बरसीं राहत की फुहारें, झूम उठा किसान

हमीरपुर में गेहूं की अच्छी फसल होने की जगी उम्मीद, ठंड बढ़ी

हमीरपुर  – दो महीने से हो रहा बारिश का इंतजार मंगलवार को समाप्त हो गया। रिमझिम बारिश ने जहां बीमारियां वाली शुष्क ठंड से राहत प्रदान की है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश संजीवनी बनकर बरसी है। अब तक बारिश को तरस रहे किसानों के चेहर मंगलवार को खिल गए। पूरा हमीरपुर क्षेत्र बारिश से भीग गया। सभी उपमंडलों में दिन भर बारिश रही। सुबह शुरू हुई बूंदाबांदी से लग रहा था कि इंद्रदेव महज मजाक ही कर रहे हैं। दोपहर बाद मेघ जमकर बरसना शुरू हुए। देखते ही देखते बारिश से बचने के लिए लोगों ने छाते निकाल लिए। वहीं, लंबे समय से नालियों में पसरी गंदगी को भी बारिश से साफ कर दिया है। माना जा रहा है कि यह बारिश गेहूं की फसल के लिए बेहतर है। इससे अब किसानों को अच्छी फसल की उम्मीद जगी है। हालांकि इससे पहले लोहड़ी पर्व पर बारिश की संभावनाएं जताई जा रही थीं। लोहड़ी को बारिश न होने पर किसानों की चिंताएं बढ़ गई थीं। माना जा रहा था कि इस बार गेहूं की फसल पूरी तरह बर्वाद हो जाएगी। लोहड़ी पर्व के दस दिन बाद हुई बारिश किसानों के लिए राहत बनकर बरसी है। पिछले दो दिन से जिला में ठंड अधिक बढ़ गई थी। सुबह व शाम के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। वहीं, चिकित्सकों की माने तो शुष्क ठंड से दमे की शिकायत अधिक होती है। इस कारण लोगों को स्वास्थ्य की चिंता सता रही थी। बारिश के बाद शुष्क ठंड से छुटकारा मिल गया है। बताते चलें कि गेहूं की फसल के लिए बारिश की बहुत अधिक आवश्यकता थी। नवंबर माह में बिजाई के बाद बारिश न होने से गेहूं की फसल संकट में आ गई थी। पहले दिसंबर महीने में बारिश की आस लगी रही। बाद में लोहड़ी पर्व पर बारिश होने की संभावनाएं जताई जा रही थी। बिन बारिश किसानों की गेहूं की फसल जिला के कई क्षेत्रों में बुरी तरह प्रभावित हुई है। बारिश न होने के कारण बीजी हुई गेहूं को मोर व बंदर उजाड़ गए। गेहूं बीज के अंकुरित न होने के कारण मोर व बंदर ने इसे अधिक नुकसान पहुंचाया है। बारिश हो जाने के बाद अब अच्छी फसल की उम्मीद बंध गई है। इसके साथ ही दिसंबर महीने में आडू, पलम व नींबू आदि के पौधे लगाए गए थे। कोहरे व ठंड के कारण इन पौधों पर भी संकट के बादल मंडरा रहे थे। शुष्क ठंड से पौधे भी मुरझाने लगे थे। अब इन पौधों के लिए भी बारिश वरदान बन गई है। कुल मिलाकर, नादौन, भोरंज, हमीरपुर, सुजानपुर व बड़सर में अच्छी बारिश हुई है। नादौन व बड़सर में मेघ जमकर बरसे। क्षेत्र के लोग बारिश से काफी खुश हैं।

नादौन के बाजारों में सन्नाटा, दुकानदारों ने सेंकी आग

नादौन — मंगलवार सुबह से हो रही बारिश से नादौन क्षेत्र में प्रचंड शीतलहर से लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर हो गए। स्थानीय बाजारों में भी सूनापन रहा। अकसर नादौन के बाजारों में भारी भीड़ रहती है, परंतु मंगलवार को बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। पूरा दिन दुकानदार भी जगह-जगह आग सेंकते ही नजर आए। सबसे अधिक परेशानी तो स्कूली बच्चों को हुई, जो प्रचंड ठंड के कारण दिन भर स्कूलों में ठिठुरते रहे। मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, परंतु जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया बारिश की गति भी बढ़ती गई।