अमरीकी किताब में लाहुल की सुंदरता

By: Jan 16th, 2018 12:15 am

पर्यटक स्थलों में टॉप टेन लिस्ट में हासिल हुआ स्थान, दुनिया भर में डंका

शिमला  – लाहुल-स्पीति घाटी की खूबसूरती ने दुनिया भर में डंका बजाया है। मठों के लिए विश्व प्रसिद्ध रमणीक स्थल को अमरीका की प्रतिष्ठित पत्रिका ने खूबसूरत पर्यटक स्थलों की टॉप-टेन लिस्ट में शामिल किया है। अमरीका की प्रतिष्ठित पत्रिका लोनली प्लैनेट ने लाहुल-स्पीति घाटी को उम्दा पर्यटक स्थलों की सूची में आठवें स्थान पर रखा है। पत्रिका में बौद्ध मठों की बेहतरीन शिल्पकारी का भी जिक्र किया गया है। पत्रिका में आयरलैंड के एक पर्यटक स्थल को पहला स्थान दिया गया है। फ्रांस, अमरीका व इटली के रमणीक स्थलों को टॉप-टेन की सूची में रखा गया है। अमरीका की इस पत्रिका में शामिल होना हिमाचल के लिए गौरव का विषय है। लाहुल-स्पीति जिला शीत मरूस्थल के नाम से भी जाना जाता है। क्षेत्रफल की दृष्टि से यह जिला प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है। यह समूचा जनजाति क्षेत्र बर्फबारी के कारण साल में करीब छह-सात महीने तक शेष विश्व से कटा रहता है। लाहुल-स्पीति में पर्यटन की दृष्टि से कई रमणीक स्थल हैं। यहां बौद्ध मठ भी हैं, जिन्हें निहारने के लिए हर वर्ष सैकड़ों सैलानी यहां पहुंचते हैं।

26 जनवरी को दिल्ली में दिखेगी झलक

लाहुल-स्पीति जिला 26 जनवरी को भी प्रदेश का गौरव बढ़ाएगा। लाहुल-स्पीति के की-गोंपा की झांकी 26 जनवरी को दिल्ली राजपथ पर दिखाई जाएगी। की-गोंपा लाहुल-स्पीति में काजा से 12 किलोमीटर की दूरी पर है, जिसकी स्थापना 13वीं शताब्दी में हुई थी। यह मठ समुद्र तल से 13504 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। बहरहाल, प्रदेश के लाहुल-स्पीति के पर्यटक स्थल अमरीका की बुक में शामिल होने से दुनिया भर में हिमाचल का डंका बजा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App