अरे वाह…एक सीएम ऐसा भी

By: Jan 23rd, 2018 12:10 am

मंडी— अकसर नेता लोगों से मिलने में जल्दबाजी में ही रहते हैं और अगर बात देर रात की हो तो शायद ही जनता को नेताओं के दर्शन हों, लेकिन इस सबके विपरीत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हर समय लोगों के लिए उपलब्ध हैं। रविवार को देर रात मंडी सर्किट हाउस में पहुंचने के बाद भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों की समस्याएं सुनीं। विशेष बात यह रही कि मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंच कर अपने कमरे में भी नहीं गए, बल्कि उन्होंने सर्किट हाउस के बाहर ही सीढि़यों पर जनता दरबार लगा दिया और लोगों की समस्याएं सुनने में व्यस्त हो गए। जब तक सब फरियादियों का नंबर नहीं आया मुख्यमंत्री तब तक लोगों की समस्याएं सुनने के लिए खडे़ रहे। हालांकि जहां मुख्यमंत्री खडे़ थे, वहां पर लाइट कम थी, लेकिन इसके बाद भी मुख्यमंत्री ने मोबाइल फोन की रोशनी में ही लोगों के आवेदनों को पढ़ा और लगभग 12 बजे तक यह सिलसिला चलता रहा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लोगों के प्रति इस समर्पण को देखकर न सिर्फ फरियादी हैरान हुए, बल्कि उनकी पार्टी के अन्य नेता, कार्यकर्ता व मंडी प्रशासन भी हैरान रह गया।  बता दें कि मुख्यमंत्री रविवार को सराज विस के बालीचौकी क्षेत्र के दौरे पर थे। उनका रात्रि विश्राम सर्किट हाउस मंडी में था। रात करीब साढे़ नौ बजे जय राम ठाकुर सर्किट हाउस पहुंचे। यहां दिन भर से फरियादी सीएम का इंतजार कर रहे थे। सैकड़ों की संख्या में मौजूद फ रियादियों को देखकर सीएम ने उनकी समस्याएं सुनना शुरू कर दिया। सर्किट हाउस के प्रवेश द्वार के बाहर वाली पौडि़यों पर खड़े होकर सीएम जयराम ठाकुर ने जनता दरबार लगा दिया। लोगों के प्रार्थना पत्र ध्यान से पढ़ने के लिए छोटी लाइट का सहारा लिया गया। सीएम यहां लगातार अढ़ाई घंटों तक खड़े रहे और एक एक करके लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। देर रात लगभग 12 बजे के बाद सीएम ने खाना खाया और उसके उपरांत अधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उनकी बातों को सुना। यह सिलसिला रात करीब दो बजे तक जारी रहा। इसके बाद कहीं जाकर सीएम जय राम ठाकुर को दिन भर की थकान के बाद आराम करने का मौका मिला, लेकिन सात बजे ही फिर से सर्किट हाउस में फरियादियों का तांता लग गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App