इन्फर पैनल में खराबी से बिजली बंद

इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के उपनिदेशक अनुराग पराशर ने दी जानकारी

शिमला – प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के उपनिदेशक (लोक संपर्क) अनुराग पराशर ने प्रदेश के कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्युत वृत्त शिमला के तहत प्रदेश विश्वविद्यालय समरहिल में बिजली की आपूर्ति के बाधित होने के बारे में बताया  कि पहली जनवरी, 2018 को सायं 2ः45 बजे नए 33 केवी विद्युत उपकेंद्र समरहिल के 33 केवी इन्कमर पैनल में तकनीकी खराबी आने के कारण विद्युत आपूर्ति बंद हो गई थी। 11 केवी विद्युत आपूर्ति को विद्यमान 11 केवी कंट्रोल सब-स्टेशन के माध्यम से बहाल कर दिया गया था। इसके साथ ही उन्होंने चुराह उपमंडल की खजुआ पंचायत के कुछ घरों में अभी तक बिजली की सुविधा न होने पर बताया कि इस पंचायत के 12 घरों के विद्युतीकरण हेतु तीन लाख 37 हजार 400 रुपए का एक प्राक्कलन विद्युत मंडल कार्यालय चंबा द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है और जल्द ही इन घरों का विद्युतीकरण कर दिया जाएगा। गांव बलवास-दो में नए बने एक घर, गांव हुलेठी में बने एक घर सहित गांव डंडलेई में छह परिवारों के दोघरों को विद्युतीकरण करने का प्रावधान नई सौभाग्य योजना में किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त उन्होंने निरमंड क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति के बाधित होने के बारे में जानकारी दी है कि 22 दिसंबर, 2017 को कोटला विद्युत उपकेंद्र पर शटडाउन होने के कारण सुबह 10ः15 बजे से सायं 2ः55 बजे तक निरमंड और आसपास क्षेत्र के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी। शाम को शटडाउन रद्द किया गया तो 2ः55 बजे शाम के समय विद्युत आपूर्ति निरमंड तक बहाल हुई। निरमंड और आसपास के क्षेत्रों में अब विद्युत आपूर्ति सामान्य है, साथ ही उन्होंने विद्युत वृत्त नाहन के तहत राजगढ़ की शाया सनौरा पंचायत के गांव शाया में विद्युत आपूर्ति के प्रभावित होने के बारे में भी बताया है कि सूखी घास में आग लगने के कारण मुख्य फीडर की विद्युत आपूर्ति को बंद किया गया था और लाईन की सैगिंग के बाद विद्युत आपूर्ति को बहाल कर दिया गया था।