इस साल 163 प्रिंसीपल होंगे रिटायर

By: Jan 15th, 2018 12:15 am

कांगड़ा में सबसे अधिक, लाहुल-स्पीति में सबसे कम सेवानिवृत्तियां

नाहन – भले ही सरकार द्वारा प्रवक्ताओं व मुख्याध्यापकों को समय-समय पर पदोन्नत कर प्रधानाचार्य बनाया जाता है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह क्रम ठहर सा गया है। इस वर्ष प्रदेश के स्कूलों से करीब 163 प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इनमें से सबसे अधिक कांगड़ा जिला से 42, शिमला से 27, मंडी से 20 तथा सबसे कम लाहुल-स्पीति से मात्र एक स्कूल मुखिया सेवानिवृत्त होंगे। जानकारी के मुताबिक शिक्षा विभाग में वर्ष 2018 में कुल 163 प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वर्ष के पहले महीने जनवरी में जहां 18 स्कूल के मुखिया सेवानिवृत्त होंगे, वहीं फरवरी में 10, मार्च में 26, अप्रैल में 27, मई माह में 16, जून में 15, जुलाई में सात, अगस्त में छह, सितंबर में 14, अक्तूबर में पांच, नवंबर में नौ तथा दिसंबर में 10 प्रधानाचार्य रिटायर होंगे। जानकारी के मुताबिक पिछले 10 वर्षों में वर्ष 2018 में सबसे अधिक शिक्षक सेवानिवृत्त हो रहे हैं। बताते हैं कि गत पांच वर्षों में शिक्षा विभाग ने प्रवक्ताओं से प्रधानाचार्य बनने वाले पदोन्नति क्रम को रोक रखा है, जिस कारण आज भी प्रदेश में सैकड़ों स्कूल बिना प्रधानाचार्य के ही चल रहे हैं। यदि सरकार ने शीघ्र ही प्रवक्ताओं को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति नहीं दी तो आने वाले समय में और भी कई स्कूल बिना प्रधानाचार्य के ही रह जाएंगे। इस वर्ष प्रदेश से 163 प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके बाद ये स्कूल भी बिना मुखिया वाले स्कूलों में शामिल हो जाएंगे। गौर हो कि सरकार द्वारा मुख्याध्यापकों व प्रवक्ताओं का पदोन्नत्ति कोटा 50-50 फीसदी रखा गया है, जबकि यदि संख्या की बात करें तो प्रवक्ताओं व मुख्याध्यापकों की संख्या अनुपात 80:20 का है। प्रवक्ताओं की अधिक संख्या होने के चलते स्कूली प्रवक्ताओं ने पदोन्नति को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में केस फाइल किया है। अब देखना यह है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रवक्ताओं व मुख्याध्यापकों की 50-50 फीसदी रेशो को बरकरार रखा जाता है या प्रवक्ताओं के अनुरूप यह पदोन्नत्ति कोटा 80:20 के अनुपात पर तय होता है। बहरहाल इस साल इतने प्रिंसीपल के रिटायर होने से स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ सकता है

किस जिला से कितने प्रिंसीपल होंगे रिटायर

जिला                        संख्या

बिलासपुर                 11

चंबा                      12

हमीरपुर                   11

कांगड़ा                    42

कुल्लू                       06

लाहुल-स्पीति             01

मंडी                       20

सोलन                     07

शिमला                    27

सिरमौर                    07

ऊना                       15

किन्नौर                   04


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App