कल बारिश-बर्फबारी

By: Jan 28th, 2018 12:15 am

आखिरी हफ्ते कड़े तेवर दिखाएगा मौसम

शिमला — प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में जनवरी के आखिरी हफ्ते में मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 29 जनवरी को फिर बारिश-बर्फबारी की उम्मीदें जताई हैं। हालांकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक ही दिन मौसम खराब रहेगा, मगर उच्च पर्वतीय इलाकों में 29 से 31 जनवरी तक मौसम रौद्र रूप दिखाएगा, जबकि मैदानी इलाकों में दो फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा। प्रदेश में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। बारिश-बर्फबारी के बाद समूचे प्रदेश में सुबह-शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुंदरनगर, कल्पा, केलांग व मनाली में न्यूनतम तापमान अभी भी माइनस डिग्री में चल रहा है। कुफरी व भुंतर का पारा शून्य डिग्री में दर्ज किया गया है। शनिवार को धूप खिलने से शिमला व नाहन को छोड़कर समूचे प्रदेश के अधिकतम तापमान में पहले के मुकाबले उछाल आया है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी आंकी गई है।  शिमला के पारे में पहले के मुकाबले 0.3 और नाहन में एक डिग्री की गिरावट आई है, जिसके चलते क्षेत्रों में लोगों को दिन के समय भी हल्की ठंड का सामना करना पड़ा। शिमला में अधिकतम तापमान 12.4, सुंदरनगर में 20.7, भुंतर में 20.4, कल्पा में 8.6, धर्मशाला में 14.8, ऊना में 19.7, नाहन में 14.5, सोलन में 18, कांगड़ा में  19.5, बिलासपुर में 19.3, हमीरपुर में 19.5, चंबा में 19.1 और डलहौजी में 6.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App