घृत मंडल पर्व को राज्य स्तरीय दर्जा

By: Jan 11th, 2018 12:10 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दी सैद्धांतिक मंजूरी, मां बजे्रश्वरी देवी मंदिर पहुंच की पूजा-अर्चना

कांगड़ा— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घृत मंडल पर्व को राज्य स्तरीय दर्जा देने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यहां बजे्रश्वरी मंदिर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि घृत मंडल पर्व के बारे में अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की जाएगी। उसके बाद इस पर्व को राज्य स्तरीय दर्जा देने की मंजूरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शक्ति स्थल धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्त्वपूर्ण है, इसलिए यहां धार्मिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सौंदर्य स्थल बनने चाहिएं। सीएम ने कहा कि जिला कांगड़ा के मंदिरों में 22 करोड़ रुपए की लागत से एशियन डिवेलपमेंट बैंक के सहयोग से प्रोजेक्ट चलाए जा रहे हैं। पहले उन कार्यों को पूरा किया जाएगा, उसके बाद धार्मिक पर्यटन आकर्षण स्थल स्थापित किए जाएंगे। बाइपास पर धार्मिक पर्यटन आकर्षण केंद्र की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। इससे पहले उन्होंने मां बज्रेश्वरी देवी मंदिर में माथा टेका व पूजा-अर्चना की। मंदिर में पुजारी वर्ग व अन्य धार्मिक संगठनों ने घृत मंडल पर्व को राज्य स्तरीय दर्जा देने का मसला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। इस मौके पर नगरोटा बगवां के विधायक अरुण मेहरा, भाजपा कांगड़ा मंडल अध्यक्ष रमेश बराड़, पूर्व विधायक संजय चौधरी व मुनीष शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App