छात्राओं को करियर काउंसिलिंग जल्द

By: Jan 19th, 2018 12:15 am

भारत सरकार के साथ हुई बैठक में हिमाचल प्रदेश महिला विकास प्रभारी मंजुला शर्मा ने उठाए मुद्दे

शिमला— हिमाचल प्रदेश में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं के समक्ष क्या- क्या चुनौतियां सामने आती हैं, इस बारे में दिल्ली में भारत सरकार को प्रदेश विकास प्रभारी मंजुला शर्मा ने अवगत करवाया। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में भारत सरकार के साथ विभिन्न राज्यों के शिक्षाविदों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। इसी के तहत 16 जनवरी को सर्वशिक्षा अभियान व राष्ट्रीय माध्यमिक अभियान के महिला विकास विभाग के साथ भी बैठक हुई। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि हिमाचल में जल्द ही छात्राओं के लिए करियर काउंसिलिंग दी जाएगी। इसके लिए स्पेशल छात्राओं के लिए वोकेशनल कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। भारत सरकार के साथ हुई बैठक में उन्होंने प्रदेश में सरकारी स्कूलों में जाने वाली छात्राओं की चुनौतियों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आज भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में छात्राएं नदी-नालों को पार कर स्कूल तक पहुंचती हैं और इतनी दूर स्कूल जाने के बाद भी उन्हें सही शिक्षा नहीं मिल पाती। इस बारे में भी केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय को अवगत करवाया, उसके बाद मंत्रालय की ओर से आश्वासन दिया गया है कि स्कूली छात्राओं के लिए वोकेशनल कोर्स शुरू किए जाएंगे। मंजुला शर्मा का कहना है कि भारत सरकार के साथ हुई इस बैठक में देश भर से विभिन्न राज्यों से शिक्षाविद व अधिकारी पहुंचे थे। अपने राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे अधिकारियों ने छात्राओं के समक्ष आने वाली चुनौतियों के बारे में अवगत करवाया। बैठक में मंत्रालय की ओर से आश्वासन दिया गया है कि देश भर में महिलाएं आत्मनिर्भर बनें, इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

उप-समितियां गठित करने के निर्देश

केंद्रीय मानव संसाधन की ओर से देश भर में छात्राओं को बेहतर शिक्षा मिल सकें, इसके लिए सब-कमेटियां गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। कमेटी देश भर में सर्वे करेगी व छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा व आत्मनिर्भर बनाने के लिए क्या कदम उठाने चाहिएं, इसके बारे मेें चिंतन करेगी व लोगों से सुझाव लिए जाएंगे। कमेटी मंत्रालय को रिपोर्ट भेजेगी।

गरीबी-सुरक्षा की उठी बात

केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय की बैठक में हिमाचल की गरीबी का मुद्दा भी उठा। इसमें कहा गया कि प्रदेश में गरीबी की वजह से कई बार अभिभावक अपनी लड़कियों को शिक्षा भी नहीं दे पाते। वहीं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया है। मंत्रालय की ओर से आश्वासन दिया गया है कि हिमाचल में छात्राओं की बेहतर पढ़ाई को लेकर कड़े कदम उठाए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App