जयराम मनाएंगे धूमल की लोहड़ी!

पूर्व भाजपा सरकार ने परागपुर के उत्सव को दिया था राज्य स्तरीय दर्जा

परागपुर— पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल द्वारा घोषित परागपुर की राज्य स्तरीय लोहड़ी को सहेज कर रखना  नए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लिए चुनौती भरा होगा। यह जयराम सरकार का पहला राज्य स्तरीय पर्व होगा। वर्ष 2009 में भाजपा के तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने ही लोहड़ी को राज्य स्तरीय पर्व के रूप में मनाने का गौरव धरोहर गांव परागपुर को प्रदान किया था, लेकिन कुछ वर्षों से यह पर्व प्रदेश सरकार के उदासीन रवैये की भेंट चढ़ रहा है। यहां राज्य स्तरीय लोहड़ी मनाने के लिए गवर्नर सहित मुख्यमंत्री तथा प्रदेश के बड़े-बड़े नेता यहां पहुंच चुके हैं, लेकिन कुछ वर्षों से लोहड़ी पर्व प्रशासनिक अधिकारियों के तीन-चार घंटे मनाने तक ही सीमित रह गया है। इससे परागपुर की इस राज्य स्तरीय लोहड़ी का उपहास हो रहा है। हालांकि भाजपा सरकार द्वारा ही लोहड़ी को राज्य स्तरीय घोषित किया गया था और इस बार पुनः भाजपा सरकार के सत्तासीन होने पर इस पर्व को राज्य स्तरीय रूप में मनाने की पूरी संभावनाएं नजर आ रही हैं। वहीं लोगों को उम्मीद है कि सीएम जयराम ठाकुर शीतकालीन सत्र प्रवास के दौरान कांगड़ा में ही होने के कारण राज्य स्तरीय लोहड़ी पर्व पर धरोहर गांव परागपुर आ सकते हैं। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने नई सरकार के नेतृत्व में मनाई जाने वाली लोहड़ी के सफल आयोजन के लिए कमर कस ली है, पर देखना यह होगा कि क्या प्रदेश की जयराम सरकार इस पर्व को सही में राज्य स्तरीय रूप में मनाने में कितनी सफल हो पाती है।