टिकरा बावड़ी में घर जला

आग लगने से 21 लाख रुपए की संपत्ति का नुकसान

कुल्लू— जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित टिकरा बावड़ी के पास एक मकान जलकर राख हो गया है। अग्निकांड की घटना सोमवार देर रात को पेश आई। अग्निकांड में लाखों की संपत्ति राख हो गई है। यह साझा मकान बताया जा रहा है। इसमें चार किराएदार रहते थे। आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक  पता नहीं चल पाया है। हालांकि इस घटना में करीब 21 लाख की संपत्ति  का प्रारंभिक नुकसान आका जा रहा हैद्ध जब घर में आग लगी, उस दौरान किराएदार अपने-अपने कमरे में सोए में हुए थे। पड़ोसियों ने जब आग की लपटें उठती देखीं तो शोर मचाकर किराएदारोें को जगाया। अग्निकांड की सूचना मिलते ही दमकल विभाग  मौके पर पहुंचा। दमकल विभाग तथा क्षेत्र के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड  में मकान की ऊपरी डेढ़ मंजिल पूरी तरह से जलकर राख हो गई है। इस  मकान में चार कमरे थे। घर में ही मीट शॉप और एक चाय की शॉप  चल रही थी। वहीं, दो अन्य किराएदार यहां पर रह रहे थे। यह मकान गोपाल और वीर सिंह का संयुक्त था। दुकानों और किराएदारों का सारा सामान जलकर राख हो गया। दमकल अधिकारी दुर्गादास ने बताया कि इस अग्निकांड की घटना में 21 लाख रुपए का नुकसान आका गया। वहीं, राजस्व विभाग के अधिकारी भी आग से हुए नुकसान के आकलन में जुट गए हैं। वहीं, प्रशासन ने प्रभावितों को हरसंभव सहायता करने का दावा किया है।