टैक्स के लिए अब बीच रास्ते नहीं रुकेंगी बसें

परिवहन विभाग के अधिकारियों को मंत्री गोविंद  सिंह ठाकुर के आदेश, बस स्टॉप पर ही होगी चैकिंग

कुल्लू— प्रदेश में अब जगह-जगह टैक्स की जांच के नाम पर बसें नहीं रोकी जाएंगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए जाएंगे कि वे बसों के ठहराव वाली जगह जाकर ही वाहनों के दस्तावेजों की जांच करें। कुल्लू में परिवहन, वन एवं युवा सेवा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि बीच रास्तों में बसें रोकने से बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को असुविधा होती है। बसों को टैक्स अदा करने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की जाएगी और इसके लिए अधिकारियों संग बैठक भी आयोजित की जा रही है। मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि मनाली में बनने वाला नया बस अड्डा भी जल्द बनाया जाएगा। पूर्व में रही कांग्रेस सरकार ने इसके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। अब इसके निर्माण कार्य के लिए जल्द बाकी दस्तावेज प्रक्रिया पूरा की जाएगी। पासपोर्ट की तर्ज पर वाहनों की पासिंग तिथि और दस्तावेज तैयार होने की जानकारी मिले, इसके लिए योजना तैयार की जाएगी। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार भाजपा के विजन डाक्यूमेंट के अनुसार समृद्ध और खुशहाल हिमाचल प्रदेश का निर्माण करेगी। प्रदेश की जनता ने भाजपा को बहुत बड़ा जनादेश दिया है और नई सरकार ने प्रदेशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पहले दिन से ही तेजी से कार्य आरंभ कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 तक भारत को समृद्ध राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और उनके इस संकल्प को पूरा करने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार भी भरपूर योगदान देगी। प्रदेश सरकार सबको साथ लेकर चलेगी और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करेगी। गरीब परिवारों का उत्थान सरकार की प्राथमिकता रहेगी। इन परिवारों को मकान बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर धनराशि मुहैया करवाने की मुहिम शुरू की जाएगी और इसकी शुरुआत मनाली विधानसभा क्षेत्र से की जाएगी। प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अथक प्रयासों के साथ प्रदेश भर में विकास किए जाएंगे। मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि जो कार्य रुके हुए थे, उन्हें भी गति दी जाएगी। उन्होंने सभी को नए वर्ष में नए जोश के साथ काम करने को कहा। जिला कुल्लू के विकास में कोई कमी न रहे, इसके लिए खास ध्यान रखा जाएगा और स्पेशल दो व्यक्तियों की तैनाती की जाएगी, जो कि जिले के विकास की देख्ररेख करेंगे। जनता की सेवा करने का उन्हें जो मौका मिला है, उसे वह वखूबी निभाएंगे। मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने अब टैक्स अदायगी को और आसान बनाने की कसरत तेज कर दी है। ऑनलाइन अदायगी पर काम किया जाएगा।

मोनो रेल, रोप-वे पर करेंगे काम

मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि अनछुए पर्यटन स्थलों को भी यहां विकसित किया जाएगा। इसी के साथ मोनो रेल और रोप-वे की संभावना तलाशी जाएगी। परिवहन मंत्री होने के नाते मेरा यह प्रयास रहेगा कि प्रदेश के हर हिस्से को परिवहन सुविधा मिले और ग्रामीण क्षेत्रों तक बस सुविधा मिल सके। इसके लिए भरसक प्रयास किए जाएंगे। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा जिस विश्वास के साथ जनता ने भाजपा सरकार को चुना है। उस पर भाजपा खरा उतरेगी।

नए साल की शुभकामनाएं

कुल्लू पहुंचने पर परिधि गृह में मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम उन्हें सहयोग देने के लिए सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आज वह जनता व कार्यकर्ताओं के सहयोग से इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू के विकास को लेकर कोई कमी नहीं रखी जाएगी। इस दौरान जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को नए साल की शुभकामनाएं दी हैं।