दिन में पसीना, रात को कंपकंपी

शिमला – प्रदेश में सर्दियों में भी गर्मियों जैसे मौसम का एहसास हो रहा है। जनवरी के बीच में दिन के समय खिल रही चटक धूप पसीने छुड़ा रही है। हालांकि प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में सुबह-शाम अभी भी ठंड पड़ रही है, मगर इसमें भी पहले के मुकाबले कमी रिकार्ड की गई है। प्रदेश में सोमवार को भी मौसम शुष्क बना रहा और चटक धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक का उछाल आया है। तापमान में उछाल आने से सुंदरनगर, भुंतर, ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर का पारा 20 डिग्री से पार हो गया है। ऊना के अधिकतम तापमान तो 24 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया है। बिलासपुर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री का उछाल आया है। सुंदरनगर व भुंतर में दो डिग्री तक तापमान बढ़ा है। न्यूनतम तापमान में भी इजाफा हुआ है। अब प्रदेश के कल्पा, केलांग व मनाली का पारा भी जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। शिमला में अधिकतम तापमान 17.4, सुंदरनगर में 23.4, भुंतर में 22, कल्पा में 13.0, धर्मशाला में 17.6, ऊना में 24.6, नाहन 15.8, सोलन में 22.3, कांगड़ा में 22.8, बिलासपुर में 22.1, हमीरपुर में 23.8 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।