पहली-दो को धूप, तीन को बारिश

प्रदेश के मध्य-उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में आज भी बारिश-बर्फबारी के आसार

शिमला— हिमाचल प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार को भी मौसम खराब बना रहेगा। मौसम  विभाग ने बुधवार को भी मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में  एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की उम्मीद जताई है। विभाग की मानें तो समूचे प्रदेश में पहली-दो फरवरी को मौसम शुष्क बना रहेगा। तीन फरवरी को राज्य भर में  बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। जबकि राज्य में 4-5 फरवरी को  फिर से मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि मौसम  विभाग द्वारा मंगलवार को भी राज्य के पहाड़ों पर एक दो-स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होने की  उम्मीदें जताई गई थी। मगर मंगलवार को राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहा। चटक धूप खिलने से प्रदेश के बिलासपुर, हमीरपुर व भुंतर को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में फिर से एक से चार डिग्री तक का उछाल  आया है। न्यूनतम तापमान में भी  बढ़ोतरी  आंकी गई है। धर्मशाला  के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 4.0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी आई है। शिमला, ऊना व कांगड़ा में 2.0, सुंदरनगर, कल्पा, डलहौजी  और चंबा में  एक डिग्री तक पारा चढ़ा है। प्रदेश के अधिकतम व  न्यूनतम तापमान में उछाल आने से लोगों ने ठंड से कुछ राहत ली है, लेकिन मौसम विभाग का पूर्वानुमान अगर सटीक बैठता है तो आगामी दिनों में लोगों को फिर से कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 17.3, सुंदरनगर में 25.0, भुंतर में 22.0, कल्पा में 12.6, धर्मशाला में 19.3, ऊना में 26.0, नाहन में 23.0, कांगड़ा में 23.6, बिलासपुर में 22.0, हमीरपुर में 21.6, चंबा में 22.3, और  डलहौजी में 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम  विभाग  के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होगी। राज्य में पहल-दो फरवरी को मौसम साफ रहेगा, तीन फरवरी को समूचे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। इस  दौरान मैदानों में गर्जन के साथ बारिश, पहाड़ों पर बारिश के साथ बर्फबारी होगी।