पाताल महिला मंडल की नाटी लाजवाब

 पतलीकूहल— हिमाचल दिवस व गणतंत्र दिवस पर आशियां ग्रुप पतलीकूहल द्वारा आयोजित महिला मंडलों की समूहगान व लोक नृत्य की दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें क्षेत्र के 80 महिला मंडलों ने भाग लेकर नारी सशक्तिकरण का जलवा बिखेरा। पतलीकूहल पार्क में ग्रामीण महिलाओं ने अपने-अपने दल के साथ समूहगान व लोक नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को दिखाकर गणतंत्र दिवस को यादगार बना दिया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के लोक नृत्य प्रतियोगिता में पाताल महिला मंडल हलाण-द्वितीय  व समूहगान में भुवनेश्वरी महिला मंडल जगतसुख ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोक नृत्य में दूसरे स्थान पर हुरंग नारायण महिला मंडल नेरी और तीसरे स्थान पर शक्ति महिला मंडल जोला माहिली को संतोष करना पड़ा। समूहगान में नीलकंठ महिला मंडल रामपुर 17 मील दूसरे व तीसरे स्थान पर स्वयं सहायता समूह फोजल रहे। लोक नृत्य में प्रथम आने वाले महिला मंडल को 15 हजार रुपए व ट्रॉफी पुरस्कार स्वरूप मिलें और द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले को क्रमशः सात व पांच हजार मिले।  समूहगान प्रतियोगिता में महिला मंडलों को क्रमानुसार पांच, तीन और दो हजार की नकद राशि सहित ट्रॉफी से नवाजा गया। इस कार्यक्रम में कई महिला मंडलों को विशेष सांत्वना पुरस्कार दिए गए। गणतंत्र दिवस पर क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं होटलियर एसोसिएशन देवेंद्र नेगी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर  तिरंगा फहराया और महिलाओं की लोक नृत्य व समूहगान प्रातियोगिता का आगाज किया। पतलीकूहल पार्क में हजारों की संख्या में आई महिलाओं ने दो दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम का मजा लिया। इस अवसर पर देवेंद्र नेगी ने महिलाओं की उपस्थिति देखकर कहा कि आज से 18 वर्ष पहले आशियां ग्रुप द्वारा गणतंत्र दिवस पर आयोजित इस प्रतियोगिता में चार-पांच महिला मंडल की भागीदारी से इसका आगाज हुआ।   अब जिस तरह से नारी शक्ति आगे बढ़ रही है आज इस प्रतियोगिता में 80 महिला मंडलों की भागीदारी में नारी ने होता देख गौरव महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि आशियां ग्रुप का ध्येय भी  महिलाओें को आगे लाना है और उनकी प्रतिभा को ऐसा मंच प्रदान करना है, जिससे उनमें आत्मबल व आत्म सम्मान का संचार हो। कार्यक्रम के आयोजन के लिए मुख्यातिथि ने आशियां ग्रुप को सहयोग के तौर पर 21 हजार रुपए की नकद राशि भेंट की।  इस अवसर पर उन्होंने आशियां ग्रुप की ओर से कबड्डी चैंपियन संगीता ठाकुर को स्मृति चिंह भेंट कर सम्मानित किया। दो दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में निर्णायक दल के सदस्य धमेंद्र शर्मा, मनोहर लाल ठाकुर व ईशरी शर्मा ने महिलाओं की इस प्रतियोगिता में जज की भूमिका निभाई। इस समारोह के समापन पर आशियां ग्रुप के प्रधान संजय अंगरूप ने इस कार्यक्रम में आई सभी महिला प्रतिभागियों का अभिवादन करते हुए अगले वर्ष के लिए मंगल कामना की।